खरगापुर में भव्य जूनियर क्रिकेट प्रीमियर लीग का समापन, मडोरी बनी विजेता

(खरगापुर/टीकमगढ़) खरगापुर नगर में 1 जनवरी से चल रही भव्य जूनियर क्रिकेट प्रीमियर लीग का रविवार को शानदार समापन हुआ। खरगापुर किले के मैदान में आयोजित स्वर्गीय राज राजा स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट के प्रथम संस्करण का फाइनल मुकाबला सिजौरा और मडोरी टीम के बीच खेला गया, जिसमें मडोरी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।

फाइनल मुकाबले में मडोरी टीम ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सिजौरा टीम ने निर्धारित 14 ओवर में 9 विकेट खोकर 163 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मडोरी टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 12वें ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला 4 विकेट से जीत लिया।

मडोरी टीम के बल्लेबाज अजय को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया, जिन्होंने 45 रन बनाने के साथ 1 विकेट भी लिया। वहीं अमित राजपूत (मडोरी) को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार प्रदान किया गया, जिन्हें रेंजर साइकिल देकर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता में विजेता टीम मडोरी को ₹5100 नगद एवं शील्ड, जबकि उपविजेता टीम सिजौरा को ₹2100 नगद एवं शील्ड प्रदान की गई।

फाइनल मैच के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कु. दीप्ति कोरी (नगर परिषद अध्यक्ष, खरगापुर), छत्रपाल सिंह छोटू राजा (जिला पंचायत सदस्य), हरीशचंद बुंदेला भैया राजा उपस्थित रहे।

मैच देखने के लिए नगर एवं आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में क्रिकेट प्रेमी मैदान में मौजूद रहे। यह टूर्नामेंट न केवल खरगापुर बल्कि पूरे टीकमगढ़ जिले के लिए गौरव की बात रहा, जिसमें छोटे-छोटे बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिला।

समापन अवसर पर सुरेंद्र प्रताप सिंह बेबी राजा (पूर्व संसदीय सचिव एवं अध्यक्ष, बुंदेलखंड विकास प्राधिकरण, मध्य प्रदेश शासन) ने समस्त क्रिकेट प्रेमियों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
✍️ शिवराज सिंह
RPKP INDIA NEWS
  खरगापुर(टीकमगढ़)

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें