अमर शहीद राजा सरयू प्रसाद सिंह की स्मृति में आयोजित होने वाले विजयराघवगढ़ महोत्सव के लिए कलेक्टर जनसुनवाई में उठी मांग

कलेक्टर ने गम्भीरता पूर्वक कार्यक्रम आयोजन हेतु अनुविभागीय अधिकारी को त्वरित कार्यवाही हेतु किया निर्देशित

(विजयराघवगढ़) 1857 की क्रांति के महानायक और सबसे कम उम्र के अमर शहीद राजा सरयू प्रसाद सिंह की स्मृति में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला विजयराघवगढ़ महोत्सव बीते चार वर्षों से जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक उदासीनता की भेंट चढ़ा हुआ है। इस गंभीर उपेक्षा का मुद्दा कलेक्टर जनसुनवाई में पत्रकार सुरेन्द्र दुबे द्वारा प्रमुखता से उठाया गया, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया है।

शिकायत पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर कटनी ने अनुविभागीय अधिकारी विजयराघवगढ़ को तत्काल कार्यवाही कर महोत्सव पुनः शुरू कराने के कड़े निर्देश दिए हैं। मध्यप्रदेश कला संस्कृति विभाग, स्वराज संस्थान भोपाल द्वारा आयोजित यह गरिमामय कार्यक्रम क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान से जुड़ा रहा है, लेकिन पिछले चार वर्षों से इसका आयोजन नहीं हो सका।

पत्रकार श्री दुबे ने अपने आवेदन में यह भी मांग की है कि शासन द्वारा महोत्सव के लिए विगत वर्षों में उपलब्ध कराए गए बजट की निष्पक्ष जाँच कराई जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि राशि का उपयोग क्यों नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के महान योद्धा सरयू प्रसाद सिंह का अपमान क्षेत्र की जनता के स्वाभिमान पर चोट है।

स्थानीय नागरिकों और बुद्धिजीवियों ने कलेक्टर की पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इस वर्ष विजयराघवगढ़ महोत्सव पूरे सम्मान और भव्यता के साथ आयोजित होगा तथा शहीद की स्मृति को जीवंत किया जाएगा।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें