आस्था के द्वार पर बदइंतजामी! मैहर रेलवे स्टेशन मार्ग जलभराव से बेहाल, नगर अध्यक्ष प्रभात द्विवेदी ने खोला मोर्चा
(मैहर) मैहर रेलवे स्टेशन के बाहर मुख्य मार्ग पर लंबे समय से व्याप्त गंदे पानी जलभराव और जर्जर सड़क की समस्या को लेकर कांग्रेस के नगर अध्यक्ष प्रभात द्विवेदी ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और आमजन की परेशानियों को सामने लाया।

प्रभात द्विवेदी ने बताया कि रेलवे स्टेशन शहर का प्रमुख प्रवेश द्वार है, जहां प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन शक्ति पीठ मां शारदा मन्दिर में होता है। इसके बावजूद स्टेशन के बाहर सड़क पर जलभराव, कीचड़ और गड्ढों के कारण लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश या पानी जमा होने की स्थिति में राहगीरों, यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों को आवागमन में दिक्कतें होती हैं तथा दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
उन्होंने संबंधित विभाग एवं प्रशासन से इस समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल करने की मांग करते हुए कहा कि यह मार्ग शहर की छवि से जुड़ा हुआ है। यदि जल्द सुधार कार्य नहीं कराया गया तो आमजन में असंतोष बढ़ सकता है।
नगर अध्यक्ष द्विवेदी ने कहा कि जनता की सुविधा एवं शहर के विकास को ध्यान में रखते हुए सड़क मरम्मत, जल निकासी की समुचित व्यवस्था एवं नियमित रखरखाव आवश्यक है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रशासन जल्द ही इस गंभीर समस्या पर ध्यान देगा और स्थायी समाधान सुनिश्चित करेगा।
