मुख्यमंत्री कन्या विवाह सम्मेलन: जनपद पंचायत विजयराघवगढ में 51 जोडों का विवाह वैदिक रीति रिवाज के साथ सम्पन्न
(विजयराघवगढ़) प्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत गुरुवार को विजयराघवगढ के जनपद पंचायत प्रांगण में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जनपद पंचायत विजयराघवगढ के द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में 51 जोड़ो का विवाह धार्मिक मंत्राचार एवं वैदिक रीति-रिवाज के साथ धूम-धाम से सम्पन्न कराया गया।

कार्यक्रम हेतु स्थानीय विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक का निज-निवास वर एवं बराती पक्ष हेतु जनवासा रहा जबकि जनपद पंचायत सभाकक्ष वधुओं के घर का आंगन बना।

साथ ही वधु को 49 हजार रूपये से लाभान्वित किया जायेगा जिसके परिपेक्ष्य में नव विवाहित जोड़ों को 49,000 रुपए का सांकेतिक चेक उपस्थित गणमान्य अतिथियों के कर कमलों द्वारा प्रदाय किया गया ।

इस दौरान हजारों की संख्या में लोग इस सामूहिक विवाह के साक्षी बने। वर-वधु को आर्शीवाद देने जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुधा कोल, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती राजेश्वरी दुबे, जनपद उपाध्यक्ष उदयराज सिंह चौहान, जिला पंचायत सदस्य प्रेमलाल केवट एवं श्रीमती सुनीता पटेल जनपद पंचायत सदस्यों एवं नगर परिषद से उपाध्यक्ष एवं पार्षद गणो के साथ-साथ मण्डल अध्यक्षों आदि की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में सी.ई.ओ. जनपद पंचायत ब्रतेश जैन, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी हर्षित असाटी, जनपद पंचायत से समस्त एडीईओ/पीसीओ/ उपयंत्री के साथ-साथ अन्य विकासखंड स्तरीय अधिकारी/कर्मचारियों एवं ग्राम पंचायत के सचिवों, ग्राम रोजगार सहायकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन राजेश दुबे शिक्षक एवं अरविंद मिश्रा सहा.विकास प्रबंधक द्वारा किया गया।

