फोटो निर्वाचक नामावली विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 का हुआ अंतिम प्रकाशन
सतना जिले की 5 विधानसभा क्षेत्रों में 11 लाख 83 हजार 382 मतदाता राजनैतिक दलों की बैठक संपन्न
(सतना) भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार सतना जिले की सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों में 1 जनवरी 2026 के मान से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 के तहत अंतिम निर्वाचन नामावली का प्रकाशन 21 फरवरी को कर दिया गया है। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विकास सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की स्टैण्डिंग कमेटी की बैठक में बताया गया कि सतना जिले की पांच विधानसभा क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण के पश्चात कुल 11 लाख 83 हजार 382 मतदाता है।
जिनमें 6 लाख 24 हजार 561 पुरूष, 5 लाख 58 हजार 814 महिला और 7 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल है। इस मौके पर इलेक्शन सुपरवाइजर द्वारिकेन्द्र सिंह, केबी त्रिपाठी तथा राजनैतिक दलों से रमाकांत गौतम, मो. साबिर खान, विनोद अग्रवाल, रोहित पाण्डेय, डॉ. लखनलाल साहू, दुर्गेश चौरसिया उपस्थित थे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी विकास सिंह ने बताया कि निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रमानुसार अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन सतना जिले की विधानसभा क्षेत्र 61 चित्रकूट, 62 रैगांव, 63 सतना, 64 नागौद और 67 रामपुर बघेलान के समस्त मतदान केन्द्रों में बीएलओ द्वारा विहित स्थानों पर 21 फरवरी को कर दिया गया है।
सतना जिले में अब तक कुल मतदान केन्द्रों की संख्या 1376 से बढकर 1522 हो गई है। गहन पुनरीक्षण (आईआर) के संबंध में जानकारी देते हुए उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पुनरीक्षण की कार्यवाही शुरू होने से पहले सतना जिले के 5 विधानसभा क्षेत्रों के 1376 मतदान केन्द्रों में कुल 12 लाख 19 हजार 494 मतदाता सूची में शामिल थे। गहन पुनरीक्षण के दौरान 11 लाख 60 हजार 682 मतदाता के गणना पत्रक डिजिटाइज्ड किये गये। डिजिटाइजेशन के बाद प्रारूप मतदाता सूची पर 23 दिसम्बर से 22 जनवरी तक दावा-आपत्तियां प्राप्त पर निराकरण किया गया। जिनमें फार्म 6 के 27 हजार 826, फार्म 7 के 6638 और फार्म 8 के 7569 दावे स्वीकृत किये गये। गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 के दौरान कुल 58 हजार 812 एएसडीआर मतदाताओं के रूप में मिले। जिनमें मृत मतदाता 16 हजार 47, अनुपस्थित मतदाता 4453, स्थाई रूप से स्थानान्तरित मतदाता 35605 है।
दोहरी प्रवष्टि वाले पहले से दर्ज मतदाताओं की संख्या 2412 है तथा अन्य मतदाताओं की संख्या 295 है। इस प्रकार एएसडी सूची में कुल 58 हजार 812 मतदाता पाये गये है। इन वास्तविक मतदाता होने के दावा-आपत्ति करने पर सुनवाई का अवसर दिया गया और पात्र पाये जाने पर फार्म-6 के साथ इनका नाम भी शामिल किया गया। राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को इस मौके पर अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विकास सिंह ने प्रारूप मतदाता सूची और एएसडी सूची की प्रति भी सौंपी। राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों ने सतना जिले में तय समय-सीमा में बेहतर कार्य के लिए एसआईआर के कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए सराहना की है।
