बेटियों के भविष्य को प्रकाशमय करने का लें प्रण
इस दीपावली बेटियों के लिए जलाएँ दीपक – कलेक्टर
बेटियों के भविष्य को प्रकाशमय करने का लें प्रण
दीपावली का त्योहार ख़ुशियों का सुख समृद्धि का त्योहार है। इस दिवस माँ लक्ष्मी की पूजा एवं घरों में दीपों के माध्यम से प्रकाश कर आम जन समृद्धि एवं ऐश्वर्य की प्रार्थना करते हैं। कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर ने इस त्योहार के दौरान अनूपपुर के निवासियों से अपने घर की लक्ष्मी बेटियों के नाम का दीपक जलाकर उनके जीवन को प्रकाशमय करने हेतु हर सम्भव प्रयास करने के प्रण लेने का आह्वान किया है। उल्लेखनीय है कि इस त्योहार के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत विविध गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी। कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित विशेष बैठक में ज़िला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विनोद परस्ते एवं सहायक संचालक मंजूषा शर्मा ने आगामी दिवसों में आयोजित होने वाली गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान कलेक्टर द्वारा विभिन्न विभाग के ज़िला अधिकारियों को मैदानी अमलों के माध्यम से जनजागरूकता की गतिविधियों में महिला एवं बाल विकास विभाग को अपेक्षित सहयोग प्रदान करने हेतु निर्देशित किया गया। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी ज़िला पंचायत सरोधन सिंह, अपर कलेक्टर बीडी सिंह समेत विभिन्न विभागों के ज़िला प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।

