मंदसौर की महिलाओं ने रची सफलता की नई कहानी: गांव से महानगर तक ‘महाराणा समूह’ की मिठास
पिपल्या कराड़िया की महिलाओं ने बनाया आत्मनिर्भरता का मॉडल, रोजगार के नए अवसर भी सृजित
(मंदसौर) मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के ग्राम पिपल्या कराड़िया की महिलाओं ने आत्मनिर्भरता की एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की है। ‘महाराणा स्व-सहायता समूह’ ने न केवल अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है, बल्कि ग्रामीण स्तर पर रोजगार सृजन का भी प्रभावी मॉडल विकसित किया है।
प्रदेश में ग्रामीण आजीविका मिशन की सक्रिय पहल के तहत इस समूह की महिलाओं ने संगठित होकर एक छोटे व्यवसाय की शुरुआत की, जो आज सफल उद्यम के रूप में स्थापित हो चुका है। समूह की महिलाएं प्राकृतिक और पारंपरिक स्वाद वाले जूस और शेक तैयार कर रही हैं, जिन्हें बाजार में अच्छी पहचान मिल रही है।
इन उत्पादों में लेमन, जीरा, जिंजर लेमन, कच्ची केरी और आंवला जूस के साथ-साथ मिल्क शेक, बादाम शेक, राजभोग और शाही गुलाब शेक जैसे विकल्प शामिल हैं। गुणवत्ता और स्वाद के कारण इनकी मांग लगातार बढ़ रही है।
