निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समयावधि में पूर्ण किए जाएं तथा विभागीय समन्वय के साथ प्रक्रियाओं को तेज किया जाए, ताकि परियोजना में अनावश्यक विलंब न हो।

कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित ग्रामीणों से भी संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में स्थानीय नागरिकों की सहभागिता और संतुष्टि अत्यंत महत्वपूर्ण है।

इसी क्रम में जिला प्रशासन द्वारा भू-अर्जन से जुड़ी शिकायतों और समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए “रेलवे चौपाल” आयोजित करने की अभिनव पहल की गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 01 मई को प्रातः 9 बजे से 11 बजे तक चुरहट, रामपुर नैकिन एवं सीधी रेलवे स्टेशन पर रेलवे चौपाल का आयोजन किया जाएगा।

इन चौपालों में प्रभावित नागरिक अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे। राजस्व, रेलवे एवं भू-अर्जन से जुड़े विभागों के अधिकारी मौके पर उपस्थित रहकर शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करेंगे। साथ ही 24 अप्रैल 2026 तक प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों के समाधान के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे, जिससे प्रभावितों को शीघ्र राहत मिल सके।