कलेक्टर ने दिये परीक्षा केन्द्रों में व्यवस्थायें दुरूस्त रखने के निर्देश
नीट परीक्षा 3 मई को
(मैहर) आगामी 3 मई को सतना शहर के 7 परीक्षा केन्द्रों में नीट की परीक्षा का आयोजन किया जायेगा। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सतना के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट सतना डॉ. सतीश कुमार एस ने परीक्षा केन्द्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थायें व सुविधाएं दुरूस्त रखने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने केन्द्राध्यक्षों को परीक्षा केन्द्र में पीने के पानी, कमरों में पंखों तथा जनरेटर सेट की अनिवार्यतः उपलब्धता के निर्देश दिये।
इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवेश सिंह बघेल, डिप्टी कलेक्टर सुभाष मिश्रा, डिप्टी कमिश्नर नगर निगम सत्यम मिश्रा, डीएसपी यातायात संजय खरे सहित परीक्षा केन्द्रों के केन्द्राध्यक्ष तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पुलिस विभाग की ओर से एएसआई रैंक के नोडल अधिकारी की तैनाती अनिवार्य रूप से करें। उन्होंने गोपनीय परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन को सुनिश्चित करने के लिए बैंक से परीक्षा केंद्र तक प्रातः 9.45 से प्रातः 11.30 बजे के बीच तथा परीक्षा समाप्ति के बाद शाम 6 बजे से रात्रि 8 बजे तक पुलिस पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने गोपनीय सामग्री के कलेक्शन सेंटर केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 सतना से मुख्य डाकघर सतना तक परिवहन के दौरान भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने को कहा।
मुख्य डाकघर के स्ट्रांग रूम में पुलिस बल की तैनाती रहेगी, वहीं 3 मई की रात को केंद्रीय विद्यालय में गोपनीय सामग्री की सुरक्षा हेतु दो सशस्त्र गार्ड तैनात किए जाये। प्रत्येक परीक्षा केंद्र में एक कक्ष को स्ट्रांग रूम के रूप में चिन्हित कर उसमें सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश कलेक्टर ने बैठक में दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों के बाहर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को विशेष जिम्मेदारी सौपने, महिला परीक्षार्थियों की जांच के लिए पर्याप्त महिला सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, परीक्षार्थियों के सामान के लिए क्लॉक रूम की व्यवस्था तथा केंद्रों पर जनरेटर की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस सहित मेडिकल टीम तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता पहुंचाई जा सके। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।
