बालाघाट नर्सिंग छात्राओं के पंजीयन संकट पर कांग्रेस का सख्त रुख

Advertisement

8 दिवस में समाधान नहीं हुआ तो काउंसिल कार्यालय का होगा घेराव — जीतू पटवारी

(भोपाल) प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बालाघाट की नर्सिंग छात्राओं के पंजीयन (रजिस्ट्रेशन) से जुड़ी गंभीर समस्या को लेकर मध्य प्रदेश नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल के चेयरमैन को अवगत कराया। उन्होंने छात्राओं के भविष्य से जुड़े इस संवेदनशील विषय पर तत्काल संज्ञान लेने की मांग की।

श्री पटवारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आगामी 8 दिवस के भीतर छात्राओं की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी छात्राओं के साथ काउंसिल कार्यालय का घेराव करेगी और बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की छात्राओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिन छात्राओं ने अपनी पढ़ाई पूर्ण कर ली है, उनका समय पर पंजीयन होना उनका अधिकार है। सरकार और प्रशासन की यह जिम्मेदारी है कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

श्री पटवारी ने मांग की कि जिन अधिकारियों एवं संबंधित कॉलेज प्रबंधन की लापरवाही के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी छात्रा को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सदैव युवाओं, छात्रों और महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी छात्राओं के न्याय के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा।

इस अवसर पर, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी,एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार,एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर, सहित पीड़ित छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें