मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 1 मई से होगा प्रारंभ
जनगणना निदेशक ने वीसी के माध्यम से दिए निर्देश
(मैहर) जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मध्यप्रदेश में 1 मई से 30 मई तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा। गुरुवार को जनगणना निदेशालय भोपाल के निदेशक कार्तिकेय गोयल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। कलेक्ट्रेट सतना के एनआईसी कक्ष से कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ. सतीश कुमार एस, नगर निगम आयुक्त शेर सिंह मीना, अपर कलेक्टर विकास सिंह सहित संबंधित अधिकारी बैठक में शामिल हुए।
इसी प्रकार मैहर जिले से एसडीएम एवं जिला जनगणना अधिकारी डॉ. आरती सिंह और अन्य अधिकारियों ने भी सहभागिता कर तैयारियों की जानकारी दी। जनगणना निदेशक ने कहा कि सभी पर्यवेक्षकों को उनके सर्किल और प्रगणकों को मकान सूचीकरण ब्लॉक समय पर आवंटित किए जाएं। साथ ही नियुक्ति पत्र, पहचान पत्र एवं जनगणना किट का वितरण सुनिश्चित किया जाए। डिजिटल माध्यम से कार्य को गति देने के लिए एचएलओ ऐप का उपयोग किया जाएगा। सभी प्रगणकों को 3 मई तक ऐप पर लॉगिन कर कम से कम एक एंट्री सिंक करने के निर्देश दिए गए हैं।
4 मई से फील्ड कार्य प्रारंभ होगा। कार्य की प्रगति के लिए चरणबद्ध लक्ष्य तय किए गए हैं, जिसमें 5 मई तक 10 प्रतिशत, 10 मई तक 40 प्रतिशत, 15 मई तक 70 प्रतिशत और 20 मई तक 100 प्रतिशत कार्य पूर्ण करना होगा। 20 से 30 मई के बीच पुनरीक्षण कार्य किया जाएगा, जिसमें बंद मकानों का पुनः सत्यापन किया जाएगा। इसके अलावा जिले और चार्ज स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे, ताकि प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान मिल सके। अधिकारियों को नियमित फील्ड निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
