बरगी डैम क्रूज हादसा: नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने किया घटनास्थल का दौरा, जताया गहरा दुख, सरकार की लापरवाही पर भी उठाए सवाल
(जबलपुर) मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार आज जबलपुर पहुंचे, जहां उन्होंने बरगी डैम में हुए दुखद क्रूज हादसे वाली जगह का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

श्री सिंघार ने मौके पर चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी ली तथा वहां मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा कर पूरे घटनाक्रम को समझा। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

नेता प्रतिपक्ष ने इस गंभीर घटना को सीधे तौर पर प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताते हुए राज्य सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार पूरी तरह से असंवेदनशील हो चुकी है और हर बड़े हादसे के बाद केवल जांच की औपचारिकता निभाई जाती है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा अपनी जगह लेकिन जो घटना सरकारी कारणों और लापरवाही से हो तो फिर संबंधित विभाग और अधिकारियों की जिम्मेदारी होती है। मुख्यमंत्री बताएं कब कार्यवाही होगी ?

श्री सिंघार ने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्थाओं में भारी चूक की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि घटना स्थल पर आंधी-तूफान मापक यंत्र का अभाव था, ऐसे मौसम में क्रूज को अनुमति साथ ही पर्यटकों को लाइफ जैकेट उपलब्ध नहीं कराई गई थीं तथा अन्य कई गंभीर खामियां सामने आई हैं।
श्री सिंघार ने मुख्यमंत्री से मांग की कि इस मामले में तत्काल दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, अन्यथा भविष्य में भी ऐसे हादसे होते रहेंगे और कोई जिम्मेदारी तय नहीं होगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रदेश की जनता केवल जांच नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई चाहती है।
अंत में, श्री सिंघार ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
