जिले में धूमधाम से मनाया गया लाड़ली उत्सव 2026
(मैहर) कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी के निर्देशन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शनिवार को पूरे जिले में ‘लाड़ली उत्सव 2026’ धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम स्थानीय पर्यटक सूचना केंद्र में आयोजित किया गया। जिसमें जिला पंचायत सदस्य जयंती महेश तिवारी मुख्य अतिथि रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष गीता संतोष सोनी ने की, जबकि सांसद प्रतिनिधि संतोष सोनी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदा के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत हुई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जयंती महेश तिवारी ने कहा कि समाज में महिलाओं के प्रति सोच में बदलाव आया है, लेकिन अभी और प्रगति की आवश्यकता है। उन्होंने उपस्थित लोगों से कार्यक्रम के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। सांसद प्रतिनिधि संतोष सोनी ने महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना की। जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेंद्र बांगरे ने लाड़ली लक्ष्मी योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह योजना बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उन्होंने कहा कि योजना ने बाल विवाह को हतोत्साहित कर एक स्वस्थ समाज की नींव मजबूत की है। जिले के अमरपाटन, रामनगर सहित सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में भी उत्सव आयोजित किया गया। इस दौरान लाड़ली बालिकाओं ने नृत्य, गीत, वाद-विवाद और क्विज प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन सुप्रिया सेन ने किया। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी विद्याचरण तिवारी सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, बालिकाएं और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी लाड़ली बालिकाओं को पुष्पगुच्छ एवं सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया।
