पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों पर भड़के नगर अध्यक्ष प्रभात द्विवेदी, बोले– आमजन को राहत दे सरकार
मैहर। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के तहत पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुई भारी वृद्धि को लेकर नगर में नाराजगी का माहौल बन गया है। पेट्रोल में 10 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 12.50 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी से आम जनता की जेब पर सीधा असर पड़ने लगा है।
ईंधन के दाम बढ़ने से परिवहन व्यवस्था, खेती-किसानी, माल भाड़ा तथा दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दामों में भी बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है। इससे आम नागरिकों की चिंता और बढ़ गई है।
इस मुद्दे पर नगर अध्यक्ष प्रभात द्विवेदी ने सरकार के फैसले पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि पहले से ही महंगाई की मार झेल रही जनता पर यह अतिरिक्त बोझ डालना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय राहत देने वाला नहीं, बल्कि आम लोगों की मुश्किलें बढ़ाने वाला है।
प्रभात द्विवेदी ने सरकार से पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों पर पुनर्विचार करते हुए जल्द राहत देने की मांग की है। वहीं शहरवासियों में भी इस निर्णय को लेकर नाराजगी देखी जा रही है और लोगों ने सरकार से कीमतों में कमी की उम्मीद जताई है।
