समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश, उपार्जन से लेकर पेयजल तक सभी व्यवस्थाओं पर जोर
(सीधी) कलेक्टर विकास मिश्रा की अध्यक्षता में समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में गेहूं उपार्जन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपार्जन कार्य सुचारू रूप से संचालित हो तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही उपार्जित अनाज के सुरक्षित भंडारण एवं समय पर परिवहन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
कृषि कल्याण वर्ष के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कृषि एवं संबंधित विभागों को नवाचार आधारित कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए। दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए पशुपालन विभाग को विशेष प्रयास करने तथा किसानों को प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए गए।
जल गंगा संवर्धन अभियान एवं आगामी पौधरोपण अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने समयबद्ध योजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही लोक सेवा गारंटी के अंतर्गत लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने और सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान पर विशेष ध्यान देने को कहा।
ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति की सतत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में पानी या बिजली की समस्या नहीं आनी चाहिए, इसके लिए संबंधित विभाग सतर्क रहें।
डीएमएफ (जिला खनिज प्रतिष्ठान) अंतर्गत किए गए कार्यों के उपयोगिता प्रमाण पत्र समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही गैस एवं पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति पर निगरानी रखने और किसी भी प्रकार की कमी या अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में शासकीय विद्यालयों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को तेजी से अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
