कलेक्टर श्री तिवारी के निर्देश पर परिवहन विभाग ने की कार्यवाही नियमों की अनदेखी पर वाहन जब्त
(कटनी) जिले में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने और परिवहन नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशन में परिवहन विभाग द्वारा सघन वाहन जांच अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री संतोष पॉल के नेतृत्व में मंगलवार को कटनी-निवार रोड पर जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान वाहन क्रमांक एमपी-20-पीए-1688 की जांच में गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं। जांच में पाया गया कि वाहन बिना वैध परमिट के संचालित हो रहा था, जो मोटर व्हीकल एक्ट का स्पष्ट उल्लंघन है। इसके अलावा वाहन का बीमा, फिटनेस सर्टिफिकेट एवं प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (पीयूसी) भी वैध नहीं पाए गए।जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि वाहन का कर जून 2023 से जमा नहीं किया गया था, जिससे शासन को राजस्व हानि हो रही थी। इन गंभीर कमियों को देखते हुए परिवहन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया। जब्त वाहन को निवार चौकी में सुरक्षित रखा गया है, जहां नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री संतोष पॉल ने बताया कि जिले में इस प्रकार के सघन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने सभी आवश्यक दस्तावेज—परमिट, बीमा, फिटनेस और पीयूसी समय पर अद्यतन रखें तथा वाहन कर नियमित रूप से जमा करें, ताकि किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके।
