कलेक्टर ने किया मझौली उपखंड का विस्तृत निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार एवं जनसेवाओं में गुणवत्ता बढ़ाने के दिए निर्देश

Advertisement

(सीधी) कलेक्टर विकास मिश्रा द्वारा मझौली उपखंड का भ्रमण कर विभिन्न शासकीय कार्यालयों, जनसेवा व्यवस्थाओं एवं जनगणना कार्यों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशासनिक कार्यों की गुणवत्ता, रिकॉर्ड संधारण, जनसुविधाओं एवं विभागीय कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

तहसील कार्यालय निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने लोकसेवा गारंटी अधिनियम अंतर्गत प्रदर्शित किए जाने वाले डिस्प्ले बोर्ड के नहीं पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आमजन को उपलब्ध सेवाओं एवं समय-सीमा की जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध होना आवश्यक है। कलेक्टर ने शीघ्र डिस्प्ले बोर्ड स्थापित कराने के निर्देश दिए। साथ ही तहसील कार्यालय में आम नागरिकों की सुविधा एवं मार्गदर्शन के लिए हेल्पडेस्क बनाए जाने हेतु निर्देशित किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने तहसील कार्यालय में उपस्थित प्रवाचकों एवं मैदानी कर्मचारियों से चर्चा कर उन्हें शासकीय कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक कर्मचारी को संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा।

कलेक्टर ने जनगणना कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों से जानकारी प्राप्त कर कार्य की गुणवत्ता का परीक्षण किया। निरीक्षण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित प्रगणक एवं सुपरवाइजर को कड़ी चेतावनी देते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी प्रकार की उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके उपरांत कलेक्टर ने जनपद पंचायत मझौली की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड एवं रजिस्टरों के व्यवस्थित संधारण पर संतोष व्यक्त किया गया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए रिकॉर्ड रूम को और अधिक सुव्यवस्थित एवं आधुनिक ढंग से विकसित करने की समझाइश दी।

भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल का भी निरीक्षण किया तथा स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता एवं मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस दौरान उपखंड अधिकारी मझौली आर.पी. त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें