डी श्रेणी में रहे विभाग के ब्लाक स्तरीय अधिकारियों को नोटिस

फार्मर रजिस्ट्री कार्य में अभियान स्वरूप कार्यवाही करें-कलेक्टर समय-सीमा प्रकरणों की बैठक

(सतना) कलेक्टर सतना डॉ. सतीश कुमार एस ने जिले में फार्मर रजिस्ट्री कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं आने पर राजस्व अधिकारियों को अभियान मोड में फार्मर रजिस्ट्री की कार्यवाही करने के निर्देश दिये है। इसी प्रकार सीएम हेल्पलाइन में डी श्रेणी में रहे विभाग स्वास्थ्य और राजस्व के ब्लाक, तहसील स्तरीय अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा है।
सोमवार को समय-सीमा प्रकरणों की बैठक में कलेक्टर ने जनकल्याण शिविर, जल गंगा संवर्धन अभियान एवं सीएस कान्फ्रेंस बैठक के निर्देश और विभागीय समन्वय के मामलों पर चर्चा की। इस अवसर आयुक्त नगर निगम शेर सिंह मीना, सीईओ जिला पंचायत शैलेंद्र सिंह, अपर कलेक्टर विकास सिंह, एसडीएम जितेंद्र वर्मा, राहुल सिलाडिया, सुभाष मिश्रा, सुमेश द्विवेदी, सहित विभागों के जिला प्रमुख अधिकारी, सीईओ जनपद एवं नगर परिषदों के सीएमओ उपस्थित थे।
कलेक्टर ने उर्वरक की उपलब्धता एवं वितरण तथा फार्मर रजिस्ट्री कार्य की समीक्षा में एक सप्ताह में एक प्रतिशत ही उपलब्धि आने पर कहा कि फार्मर रजिस्ट्री का कार्य संतोषजनक नहीं है। अभियान मोड में कार्यवाही कर अपेक्षित प्रगति लाये। रघुराजनगर तहसील की सबसे कम 13 प्रतिशत ही पूर्ति पाई गई। कलेक्टर ने 25 जून को होने जा रही कृषि उत्पादन आयुक्त की बैठक की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि एपीसी की बैठक से संबंधित विभागों की 18 जून को प्रातः 11 बजे से विस्तृत बिन्दुवार समीक्षा की जायेगी।
इस बैठक में क्लस्टर लेवल के बेस्ट परफार्मर अधिकारी को भी बुलाया जायेगा। बैंक से संबंधित स्वरोजगार की योजनाओं में कलेक्टर ने प्रगति लाने के निर्देश दिये। लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों की समीक्षा में कलेक्टर ने कहा कि सीमांकन के कार्य में प्रगति आई है। इसी प्रकार नामांतरण एवं अन्य राजस्व प्रकरणों में भी गति लाये। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा में कलेक्टर ने कहा कि ग्रेडिंग के कुछ ही दिन शेष है। सभी विभाग संतुष्टिकरण निराकरण और 50 दिवस के ऊपर की शिकायतों पर फोकस कर स्थिति में सुधार लाये।
अधिक शिकायतों वाले विभाग जिला पंचायत और नगरीय निकायों द्वारा सीएम हेल्पलाइन में बेहतर कार्य पाये जाने पर कलेक्टर ने प्रोत्साहित करते हुए इसे मेंटेंन रखने को कहा। स्वास्थ्य विभाग में जिला चिकित्सालय सतना को छोडकर अन्य विकासखण्डों में कमजोर प्रगति और डी श्रेणी में पाये जाने पर संबंधित बीएमओ, बीपीएम और बीसीएम को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। राजस्व विभाग में तहसील बिरसिंहपुर, नागौद, सतना और रामपुर बघेलान के डी श्रेणी में रहने पर चारो तहसीलदार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सी श्रेणी में रहने और अत्यधिक संख्या में शिकायतें लंबित रहने पर कार्यपालन यंत्री और सहायक यंत्री का एक सप्ताह का वेतन काटने नोटिस जारी करने के निर्देश दिये गये।
कलेक्टर ने जनकल्याण शिविरों की जनपद और नगर परिषदवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि लोगों से प्राप्त होने वाले आवेदनों की संख्या बढाये। इन शिविरों में संबंधित विभाग के अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। विश्व योग दिवस पर 21 जून को शिक्षा और आयुष विभाग के तत्वाधान में आयोजित होने वाले योग दिवस कार्यक्रम की बेहतर तैयारी करने के निर्देश कलेक्टर ने दिये।
डिस्ट्रिक्ट रोड सेफ्टी और एनएचआई के निर्माण कार्य की समीक्षा में सतना-मैहर रोड का शेष निर्माण और चित्रकूट-सतना रोड की रिपेयरिंग का काम बहुत धीमी गति से करने तथा रोड साइनेज नहीं लगाने पर कलेक्टर ने एनएचआई के अधिकारियों के विरूद्ध वरिष्ठ अधिकारियों को लेख करने के निर्देश दिये। एनएच पीडब्ल्यूडी के जसो बायपास और नागौद बायपास में आ रही रूकावटों पर कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण, एनएच पीडब्ल्यूडी और एसडीएम नागौद को मौके पर जाकर निराकरण करने को कहा।
उन्होंने कहा कि परियोजना के कार्यो का निर्माण कार्य किसी स्थिति में रूकना नहीं चाहिए। मत्स्य विभाग की समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारी द्वारा जानकारी प्रस्तुत नहीं कर पाने और सहायक संचालक मत्स्य के टीएल बैठक में अनुपस्थित रहने पर नाराजगी प्रकट की। उन्होंने प्रमुख सचिव मत्स्य को कार्यवाही हेतु पत्र भेजने को कहा। समय-सीमा प्रकरणों की बैठक में कलेटर ने रेल्वे विभाग में सतना-पन्ना रेलखण्ड, सतना-रीवा रेललाइन दोहरीकरण, राष्ट्रीय राजमार्ग, एनएचआई पीडब्ल्यूडी, एनवीडीए, पीडब्ल्यूडी ब्रिज, हाउसिंग बोर्ड, एयरपोर्ट, आईएसबीटी, पीएमजीएसवाय, पीडब्ल्यूडी एमपीआईयूडीसी के चल रहे कार्यो की समीक्षा भी की।
Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें