खनन कार्यों में नियमों का कड़ाई से पालन करें, अन्यथा होगी कठोर कार्रवाई : कलेक्टर विकास मिश्रा

पट्टाधारकों एवं क्रशर संचालकों की बैठक में सुरक्षित खनन, पर्यावरण संरक्षण और श्रम कानूनों के अनुपालन पर जोर

(सीधी) जिले में खनिज नियमों के प्रभावी अनुपालन, सुरक्षित खनन गतिविधियों तथा पर्यावरणीय दायित्वों की समीक्षा के लिए कलेक्टर विकास मिश्रा की अध्यक्षता में जिले के पट्टाधारकों एवं क्रशर संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वैधानिक रूप से खदान संचालन से संबंधित विभिन्न प्रावधानों, सुरक्षा मानकों एवं विभागीय निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई।

कलेक्टर  ने सभी पट्टाधारकों एवं क्रशर संचालकों को खनिज विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खदान क्षेत्रों में विस्फोटकों का उपयोग पूर्ण सुरक्षा मानकों के अनुरूप किया जाए तथा प्रत्येक ब्लास्टिंग की पूर्व सूचना संबंधित विभागों को दी जाए। साथ ही लाइसेंसधारी ब्लास्टर की निगरानी में ही विस्फोटक सामग्री का उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने खदान क्षेत्रों में सीमा चिन्ह, तार फेंसिंग एवं सूचना बोर्ड लगाए जाने, सघन वृक्षारोपण कर हरित पट्टी विकसित करने तथा जल संरक्षण संबंधी उपायों को अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रम कानूनों के पालन, श्रमिकों की सुरक्षा एवं सुविधाओं तथा लंबित खनिज राजस्व की शीघ्र जमा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

बैठक में कलेक्टर ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) मद के प्रभावी उपयोग पर विशेष बल देते हुए कहा कि खनन प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य एवं अन्य जनहितकारी गतिविधियों पर CSR राशि का उपयोग किया जाए। उन्होंने सभी पट्टाधारकों को निर्देशित किया कि किए गए कार्यों का अभिलेखीय प्रमाण सहित प्रतिवेदन कार्यालय में प्रस्तुत करें।

कलेक्टर  ने स्पष्ट चेतावनी दी कि खनिज नियमों, पर्यावरणीय मानकों एवं सुरक्षा संबंधी निर्देशों का उल्लंघन करने वाले पट्टाधारकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर खदान पट्टे निरस्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

बैठक में खनिज अधिकारी कपिलमुनि शुक्ला द्वारा प्रस्तुतीकरण के माध्यम से खान अधिनियम 1952 के अंतर्गत अनिवार्य प्रावधानों, सुरक्षित ब्लास्टिंग, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, क्रशर इकाइयों में धूल नियंत्रण, श्रम सुविधा पोर्टल पर पंजीयन तथा ई-खनिज के नए पोर्टल पर मासिक, अर्धवार्षिक एवं वार्षिक रिटर्न ऑनलाइन भरने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

बैठक में अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय, एसडीएम कुसमी शैलेश द्विवेदी, एसडीएम मझौली आरपी त्रिपाठी, श्रम पदाधिकारी आकांक्षा पाठक सहित जिले के समस्त पट्टाधारक एवं क्रशर संचालक उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें