नगर परिषद कैमोर में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश

(कैमोर) 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कैमोर नगर परिषद कार्यालय परिसर में सामूहिक योगाभ्यास का भव्य आयोजन किया गया। “स्वयं और समाज के लिए योग” की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष पलक नामित ग्रोवर, मुख्य नगरपालिका अधिकारी मनीष परते , स्वच्छता निरीक्षक पी.आर. सिंह, बिहारी यादव, अमित शर्मा, रामकिंकर तिवारी, पार्षदगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत योग प्रार्थना से हुई। योग प्रशिक्षक के मार्गदर्शन में उपस्थित लोगों ने शरीर को शिथिल करने वाले अभ्यासों के साथ ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, वज्रासन, शशकासन एवं भुजंगासन जैसे महत्वपूर्ण योगासनों का अभ्यास किया। इसके बाद कपालभाति, अनुलोम-विलोम एवं भ्रामरी प्राणायाम के माध्यम से श्वास-प्रश्वास के संतुलन और स्वास्थ्य पर उनके सकारात्मक प्रभावों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक ध्यान एवं विश्व शांति की प्रार्थना के साथ योग सत्र का समापन हुआ।

इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष पलक नामित ग्रोवर ने कहा कि योग केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की एक प्रभावी पद्धति है। उन्होंने नागरिकों से प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों को नियमित योग करने तथा अन्य लोगों को भी योग के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।

✍️ सुनील सिंगोते
RPKP INDIA NEWS
           कैमोर

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें