भाजपा सरकार शिक्षा, किसानों, युवाओं, प्रदेश की भूमि और देश की आस्था के साथ अन्याय कर रही है : मीनाक्षी नटराजन

(भोपाल) मध्य प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा कि आज की पत्रकार वार्ता तीन महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों—देश की बदहाल शिक्षा व्यवस्था, किसानों की समस्याओं और उज्जैन भूमि घोटाले—को लेकर आयोजित की गई है।

उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक ने शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता को खत्म कर दिया है और लाखों विद्यार्थियों का भविष्य संकट में डाल दिया है। वहीं खाद, डीजल, बीज, उर्वरक, कीटनाशकों एवं कृषि उपकरणों की बढ़ती कीमतों से खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी अब भी नहीं मिल रही। श्री नायक ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में भ्रष्टाचार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है, जिसका ताजा उदाहरण उज्जैन भूमि घोटाला है। उन्होंने कहा कि इन्हीं गंभीर मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने यह पत्रकार वार्ता आयोजित की है।

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद एवं तेलंगाना कांग्रेस कमेटी की प्रभारी सुश्री मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार के शासनकाल में शिक्षा व्यवस्था, किसानों के अधिकार, प्रदेश की जमीन और देश की आस्था सभी गंभीर संकट में हैं। कांग्रेस पार्टी इन सभी मुद्दों पर जनता की आवाज बनकर संघर्ष करेगी।

इस अवसर पर मध्य प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष श्री मुकेश नायक, प्रदेश महामंत्री श्री गौरव रघुवंशी, भोपाल शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री प्रवीण सक्सेना, पूर्व प्रवक्ता श्री स्वदेश शर्मा, श्री कुंदन पंजाबी, श्री अभिनव बरोलिया, श्री राहुल राज तथा एनएसयूआई के राष्ट्रीय सह-प्रभारी श्री अंशुल त्रिवेदी उपस्थित रहे।

शिक्षा व्यवस्था, नीट पेपर लीक और छात्रों का भविष्य
सुश्री मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि आज देश की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। शैक्षणिक उत्कृष्टता और अनुशासन समाप्त होते जा रहे हैं। नीट (NEET) और आरजीपीवी जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं के पेपर लीक होने से लाखों युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ‘वन नेशन, वन एग्जाम पैटर्न’ की नीति पूरी तरह विफल साबित हुई है। देशभर के हजारों परीक्षा केंद्रों पर लीक-प्रूफ परीक्षा कराने में एजेंसियां असफल रही हैं। परीक्षा केंद्रों में भारी अनियमितताएं सामने आई हैं, यहां तक कि विद्यार्थियों के परीक्षा केंद्र अबू धाबी तक आवंटित किए गए। यह व्यवस्था युवाओं के साथ अन्याय है।

उन्होंने कहा कि इस अव्यवस्था, मानसिक तनाव और भविष्य की अनिश्चितता के कारण देशभर में लगभग 12 छात्रों ने आत्महत्या कर ली, जिनमें मध्य प्रदेश की दो बेटियां भी शामिल हैं। यह अत्यंत दुखद और सरकार की विफलता का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं और छात्रों को न्याय दिलाने के लिए “छात्रों की गूंज” अभियान चला रही है। इसके तहत 14 एवं 15 जुलाई को इंदौर से भोपाल तक साइकिल यात्रा निकाली जाएगी तथा 9 अगस्त को “चलो दिल्ली” अभियान के माध्यम से देशभर के छात्रों की आवाज केंद्र सरकार तक पहुंचाई जाएगी।

किसानों की दुर्दशा, बढ़ती महंगाई और ट्रेड डील
सुश्री नटराजन ने कहा कि किसानों की खेती की लागत लगातार बढ़ती जा रही है। डीजल, खाद, बीज, कीटनाशक तथा कृषि उपकरणों की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि हुई है, जिससे प्रति हेक्टेयर उत्पादन लागत कई गुना बढ़ चुकी है। इसके बावजूद किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कोई कानूनी गारंटी नहीं दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अमेरिका के साथ हुई व्यापारिक डील को अपनी उपलब्धि बता रही है और कृषि टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत किए जाने का प्रचार कर रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि वर्ष 2008 में न्यूक्लियर डील के समय यह दर मात्र 2.93 प्रतिशत थी। तीन प्रतिशत से बढ़ाकर अठारह प्रतिशत तक पहुंच जाना किसी भी दृष्टि से उपलब्धि नहीं कहा जा सकता।

उन्होंने आरोप लगाया कि जिस सप्ताह व्हाइट हाउस से इस यूएस डील की जानकारी सामने आई, उसी दौरान अमेरिका की अदालत में उद्योगपति गौतम अडानी से जुड़े मामलों को समाप्त किए जाने की खबरें भी सामने आईं। कांग्रेस का आरोप है कि कॉर्पोरेट घरानों को राहत देने की कीमत देश का किसान चुका रहा है।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में मूंग खरीदी का निर्धारित कोटा किसानों की वास्तविक उपज के मुकाबले बेहद कम है, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। साथ ही मालवा-निमाड़ क्षेत्र के किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए सोयाबीन तथा डेयरी उत्पादों पर भी सरकार को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

उज्जैन भूमि घोटाला
सुश्री मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के शासन में भ्रष्टाचार का नया अध्याय उज्जैन भूमि घोटाले के रूप में सामने आया है।

उन्होंने कहा कि एक राष्ट्रीय समाचार पत्र की खोजी रिपोर्ट के अनुसार बिना किसी पारदर्शिता के मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं उनके परिजनों की भूमि 253 एकड़ से बढ़कर 335 एकड़ हो गई तथा उनके प्लॉटों की संख्या 194 से बढ़कर 245 हो गई। कांग्रेस पार्टी इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करती है। प्रदेश की जमीन किसी भी व्यक्ति या सत्ता की निजी संपत्ति नहीं हो सकती।

राम मंदिर में कथित वित्तीय अनियमितता
सुश्री नटराजन ने कहा कि करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र भगवान श्रीराम के मंदिर से जुड़े मामले में प्रतिदिन 6 से 8 लाख रुपये के कथित गबन के आरोप अत्यंत गंभीर हैं। यदि आस्था से जुड़े संस्थानों में भी वित्तीय अनियमितताएं हो रही हैं तो इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए। आस्था के नाम पर किसी भी प्रकार की चोरी या भ्रष्टाचार स्वीकार नहीं किया जा सकता।

कांग्रेस संघर्ष जारी रखेगी
सुश्री मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश में हो रही भूमि की चोरी, छात्रों के भविष्य की चोरी, किसानों के अधिकारों की चोरी तथा जनता की आस्था के साथ हो रहे विश्वासघात के खिलाफ किसानों, नौजवानों, महिलाओं और समाज के हर वर्ग के साथ मिलकर मजबूती से संघर्ष करती रहेगी। कांग्रेस का उद्देश्य केवल सवाल उठाना नहीं, बल्कि जनता को न्याय दिलाना और सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित करना है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें