कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, मण्डला, बालाघाट एवं डिण्डोरी पुलिस द्वारा जब्त मादक पदार्थों का विधिवत विनष्टीकरण

(कैमोर) मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे सतत अभियान के अंतर्गत जिला कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, मण्डला, बालाघाट एवं डिण्डोरी पुलिस द्वारा जब्त किए गए मादक पदार्थों का न्यायालय के आदेशानुसार एसीसी फैक्ट्री कैमोर में विधिवत विनष्टीकरण (डिस्ट्रक्शन) किया गया।

 

उल्लेखनीय है कि पिछले कई महीनों के दौरान इन जिलों के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मादक पदार्थों की बड़ी मात्रा जब्त की गई थी। न्यायालयीन आदेश प्राप्त होने के उपरांत इन मादक पदार्थों के विनष्टीकरण की कार्रवाई निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संपादित की गई।

विनष्टीकरण की कार्यवाही एसीसी फैक्ट्री कैमोर के सीमेंट संयंत्र की भट्टी में की गई, जहां उच्च तापमान पर मादक पदार्थों को एक-एक कर जलाकर नष्ट किया गया। संपूर्ण प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु वीडियोग्राफी एवं आवश्यक दस्तावेजीकरण भी कराया गया।

विनष्टीकरण के दौरान जबलपुर रेंज अंतर्गत जिला कटनी का 236.865 किलोग्राम गांजा एवं जिला जबलपुर का 155.010 किलोग्राम गांजा नष्ट किया गया। इसके अतिरिक्त जबलपुर जिले द्वारा जिला न्यायालय से प्राप्त 106 प्रकरणों के माल का भी विनष्टीकरण किया गया। इसी प्रकार अन्य जिलों के जब्तशुदा मादक पदार्थों का भी नियमानुसार विनष्टीकरण किया गया।

इस अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक जबलपुर रेंज अतुल सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक बालाघाट रेंज विनित कुमार जैन, पुलिस उप महानिरीक्षक छिंदवाड़ा रेंज मनोज सिंह, पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक जबलपुर संपत उपाध्याय, पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर ऋषिकेश मीणा, पुलिस अधीक्षक सिवनी कृष्ण लालचंदानी, पुलिस अधीक्षक मण्डला राजेश रघुवंशी, पुलिस अधीक्षक डिण्डोरी आशीष खरे सहित अन्य पुलिस अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें