नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मूंग किसानों के साथ हो रहे अन्याय, कागज़ी अस्पतालों की सच्चाई, दतिया उपचुनाव और जनहित के कई महत्वपूर्ण विषयों पर सरकार से मांगा जवाब
(भोपाल) मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आज भोपाल में प्रेस वार्ता कर मध्यप्रदेश के किसानों, युवाओं, मरीजों और आमजन से जुड़े गंभीर मुद्दों को मजबूती से उठाया।
उन्होंने मूंग किसानों के साथ हो रहे अन्याय, बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था, कागज़ी अस्पतालों की सच्चाई, डॉक्टरों की कमी, नशे के बढ़ते कारोबार और जनहित के कई महत्वपूर्ण विषयों पर सरकार से जवाब मांगा।

किसानों के मूंग का एक-एक दाना खरीदे सरकार
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मध्य प्रदेश में खेती नहीं, कमीशनखोरी का खेल चल रहा है। प्रदेश के किसान अपनी मेहनत की फसल का उचित दाम पाने के लिए परेशान हैं, जबकि सरकार की नीतियों का फायदा दलालों और बिचौलियों को मिल रहा है। उन्होंने कहा मूंग किसान एक बार फिर ठगा गया है। पिछले वर्ष 15–18 लाख मीट्रिक टन उत्पादन के बावजूद MSP पर केवल 7.65 लाख मीट्रिक टन खरीद हुई। इस वर्ष भी 8.06 लाख मीट्रिक टन की माँग के मुकाबले केवल 4.55 लाख मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य तय किया गया है।
इतना ही नहीं, बढ़ती लागत के बीच मूंग के MSP में सिर्फ ₹12 प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी किसानों के साथ मज़ाक है।

श्री सिंघार ने कहा कि हमारी माँग स्पष्ट है हर किसान की पूरी उपज MSP पर खरीदी जाए, खरीद लक्ष्य बढ़ाया जाए और किसानों को उनकी मेहनत का पूरा दाम मिले। नेता प्रतिपक्ष ने इसको लेकर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र भी लिखा है।
इंदौर के खजराना में भाजपा का ‘भूतिया अस्पताल’! Ghost Hospital !
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मध्य प्रदेश में एक ऐसा अस्पताल सामने आया है जो सिर्फ कागज़ों में है, ज़मीन पर उसका कोई अस्तित्व नहीं। यह जनता के पैसों के दुरुपयोग और सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि सरकार हेलीकॉप्टर उतारने के दावे करती है, लेकिन सवाल यह है कि अस्पतालों में डॉक्टर कब पहुँचेंगे? बिना डॉक्टर और बुनियादी सुविधाओं के जनता का इलाज कैसे होगा?
स्वास्थ्य मंत्री के अपने जिले में नशे के कारोबार की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सरकार के दावों पर सवाल उठना स्वाभाविक है। जनता को कागज़ी अस्पताल नहीं, ज़मीन पर डॉक्टर, दवाइयाँ और बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था चाहिए।
दतिया उपचुनाव
उमंग सिंघार ने कहा कि दतिया विधानसभा उपचुनाव कांग्रेस पार्टी ही जीतेगी। जिस तरह से भाजपा ने षड्यंत्र रचकर कांग्रेस विधायक की सदस्यता रद्द करवाई है, दतिया की जनता उसका जवाब कांग्रेस को जिताकर देगी और एक बार फिर भाजपा के मुंह पर करारा तमाचा मारेगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एकल भोजन करने वाले नरोत्तम मिश्रा को जवाब चुनावी मैदान में ही दिया जाएगा। नरोत्तम जी, तैयार रहिए, दतिया में आपकी दोबारा हार तय है। एक बार फिर कांग्रेस पार्टी दतिया में अपना झंडा गाड़ेगी।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी
हिंदू धर्म की आस्था के प्रतीक अयोध्या राम मंदिर में भाजपा के शासन में “चंपत राय चंदा लेकर चंपत हो गए। मैं हिंदुओं से पूछना चाहता हूं कि मंदिरों को लूटने वालों पर आपकी क्या राय है?
