अघोषित बिजली कटौती, बढ़े बिल और स्मार्ट मीटर के विरोध में रातीबड़ विद्युत कार्यालय का घेराव
युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष प्रिंस सिंह ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ किया प्रदर्शन, मुख्य अभियंता के नाम सौंपा ज्ञापन; 7 दिन में कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
(भोपाल) युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष भोपाल ग्रामीण प्रिंस सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने रातीबड़ विद्युत कार्यालय का घेराव कर अघोषित बिजली कटौती, मनमाने बिजली बिल और जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान नागरिकों और किसानों की समस्याओं को लेकर मुख्य अभियंता, मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, भोपाल के नाम सहायक अभियंता (AE) को ज्ञापन सौंपा गया।
प्रिंस सिंह ने आरोप लगाया कि लगातार अघोषित बिजली कटौती, बिना सूचना घंटों तक बिजली बंद रहने, बार-बार ट्रिपिंग और बढ़े हुए बिजली बिलों से आम उपभोक्ता एवं किसान परेशान हैं। उन्होंने कहा कि बिजली कंपनी की कार्यप्रणाली जनविरोधी बन चुकी है और स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया भी लोगों की सहमति के बिना की जा रही है।
ज्ञापन में मांग की गई कि भोपाल शहर में अघोषित बिजली कटौती एवं ट्रिपिंग पर तत्काल रोक लगाई जाए, पिछले तीन माह के संदिग्ध एवं बढ़े हुए बिजली बिलों की पुनः ऑडिट कर उन्हें आधा किया जाए तथा पूरे भोपाल में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए। साथ ही जिन उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, उन्हें हटाकर पुराने मीटर लगाए जाएं।
प्रिंस सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आगामी सात दिनों के भीतर मांगों पर लिखित रूप से उचित कार्रवाई नहीं की गई तो युवा कांग्रेस, आम नागरिकों और किसानों के साथ उग्र आंदोलन, चक्का जाम तथा बिजली विभाग के कार्यालयों का घेराव करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
