25 गांवों के किसानों से दूर कृषि विस्तार अधिकारी! खितौली जोन में कार्यालय तक नहीं, किसान बोले—’साहब को जानते तक नहीं’
(बरही/खितौली) बरही तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत खितौली जोन में कृषि विभाग की कार्यप्रणाली पर किसानों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। क्षेत्र के किसानों का आरोप है कि खितौली जोन में पदस्थ कृषि विस्तार अधिकारी राजेंद्र कोरी न तो नियमित रूप से क्षेत्र में उपलब्ध रहते हैं और न ही किसानों से संपर्क करते हैं। किसानों का कहना है कि जोन से जुड़े लगभग 25 गांवों के अधिकांश किसान अपने कृषि विस्तार अधिकारी को पहचानते तक नहीं हैं।
ग्रामीणों के अनुसार खितौली में कृषि विस्तार अधिकारी का कोई स्थायी कार्यालय भी संचालित नहीं हो रहा है, जिससे किसानों को बीज वितरण, कृषि योजनाओं तथा तकनीकी सलाह जैसी सुविधाओं के लिए भटकना पड़ता है। किसानों का आरोप है कि समय पर बीज उपलब्ध नहीं कराए जाते और विभागीय योजनाओं की जानकारी भी प्रभावी ढंग से नहीं दी जाती।
बताया गया कि कृषि विभाग का एक व्हाट्सएप समूह बनाया गया है, लेकिन उसमें भी किसानों को आवश्यक एवं स्पष्ट जानकारी समय पर उपलब्ध नहीं कराई जाती। इससे ग्रामीण किसानों को योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
जब इस संबंध में कृषि विस्तार अधिकारी राजेंद्र कोरी से चर्चा की गई तो वे यह स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके कि अब तक कितने किसानों को बीज उपलब्ध कराए गए हैं। इससे किसानों में विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर असंतोष और बढ़ गया है।
क्षेत्र के किसानों ने कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि खितौली जोन में कृषि विस्तार अधिकारी की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, स्थायी कार्यालय की व्यवस्था की जाए तथा किसानों को समय पर बीज, तकनीकी मार्गदर्शन और शासकीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
✍️ मनोज कुमार तिवारी
RPKP INDIA NEWS
खितौली
