करंट की चपेट में आने से मजदूर की मौत, निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान हादसे का शिकार हुआ युवक
आक्रोशित परिजनों ने किया हंगामा, ठेकेदार पर लगाए लापरवाही के आरोप, कार्यवाही की मांग
(कटनी) विजयराघवगढ़ में एक निर्माणाधीन मकान में काम करने के दौरान लगभग 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे का शिकार हुए युवक को सिविल अस्पताल विजयराघवगढ़ ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया और पोस्टमार्टम की कार्यवाही नहीं होने दिया।
परिजन ठेकेदार पर लापरवाही के आरोप लगाते रहे और कार्यवाही की मांग की। परिजनों के अनुसार काम करते समय करंट का झटका लगने से युवक ऊपर वाली मंजिल से गिर गया जिससे उसकी मौत हो गई। आखिरकार जनप्रतिनिधियों, पुलिस अफसरों की समझाइश के बाद परिजन माने तब कहीं जाकर मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया।

जानकारी अनुसार ग्राम हरदुआ कला निवासी पारस साहू पिता स्वर्गीय राजकुमार साहू उम्र लगभग 23 साल विजयराघवगढ़ में पीएचई के समीप एक निर्माणाधीन मकान में प्लंबर का काम कर रहा था। मंगलवार को जब युवक काम कर रहा था अचानक वह करंट की चपेट में आ गया। सहकर्मियों की मदद से युवक को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा बिना सुरक्षा उपकरण मुहैया कराए कार्यवाही पूर्वक बारिश के दौरान काम कराया जा रहा था। परिजनों द्वारा ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना की जानकारी लगने पर जनपद उपाध्यक्ष उदयराज सिंह चौहान, जिला मंत्री मनीष मिश्रा, मंडल अध्यक्ष श्रीराम सोनी, समाजसेवी हरी साहू मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश दी।
परिजनों को ही जाना पड़ा टी आई से मांगने न्याय
खास बात यह है कि जब देर तक हंगामे के बाद भी थाना प्रभारी अस्पताल तक की दूरी तय नहीं कर पाए तो आखिरकार दुखी परिजनों को खुद थाने जाना पड़ा। यहां थाना प्रभारी संवेदनशीलता का परिचय क्यों नहीं दे पाए और मृतक के स्वजनों तक क्यों नहीं पहुंचे ये तो थाना प्रभारी ही जाने लेकिन उनके इस व्यवहार ने लोगों के दिलों में सवाल खड़े कर दिए हैं। खैर पीड़ित परिजन खुद न्याय मांगने थाने पहुंचे जहां मौजूद जनपद उपाध्यक्ष श्री चौहान, मनीष देव मिश्रा, श्रीराम सोनी, टीआई अभिषेक चौबे की समझाइश के बाद और थाना प्रभारी द्वारा निष्पक्ष कार्रवाई के आश्वासन के बाद आखिरकार परिजन माने, तब कहीं जाकर मृतक का पोस्टमार्टम कराया जा सका। पुलिस द्वारा आगे की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई इसकी जांच भी पुलिस गंभीरता से कर रही है।
✍️ अजय त्रिपाठी
न्यूज एडिटर
RPKP INDIA NEWS
