कलेक्टर ने किया बेलहटा में निर्माणाधीन कन्या परिसर स्थल का निरीक्षण
(सतना) कलेक्टर सतना डॉ. सतीश कुमार एस ने गुरुवार को बेलहटा क्षेत्र में निर्माणाधीन आवासीय कन्या परिसर हेतु चिन्हित स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से परियोजना की प्रगति, स्थल की उपयुक्तता तथा आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि छात्राओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवासीय व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने स्थल पर मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल, विद्युत, सड़क संपर्क एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्थानीय ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
ग्रामीणों द्वारा बताई गई समस्याओं का उन्होंने मौके पर ही निराकरण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर विकास सिंह, एसडीएम राहुल सिलाडिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
