बरही में कृषि आदान विक्रेताओं पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, कई दुकानों का औचक निरीक्षण
बिना पीसी वाले उत्पादों की बिक्री पर रोक, बंद मिली दुकानों को किया सीज; किसानों से बिल लेकर ही खाद-बीज खरीदने की अपील
(बरही) कलेक्टर कटनी के निर्देशानुसार एवं उपसंचालक कृषि कटनी के मार्गदर्शन में अनुविभागीय कृषि अधिकारी कटनी की जिला स्तरीय गुणवत्ता नियंत्रण टीम ने विकासखंड बड़वारा के बरही नगर स्थित कृषि आदान विक्रेता संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुकानों के अभिलेख, स्टॉक पंजी तथा उपलब्ध कृषि आदानों का गहन परीक्षण किया गया।
जांच में बिना आवश्यक पीसी (अनुमोदन) वाले उत्पादों का विक्रय करने वाले संस्थानों के ऐसे उत्पादों के विक्रय पर तत्काल प्रतिबंध लगाया गया। वहीं निरीक्षण के दौरान दुकान बंद कर अनुपस्थित पाए गए कुछ प्रतिष्ठानों को सीज करते हुए संबंधित संचालकों से जिला स्तर पर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्रीमती पूनम गर्ग ने किसानों से अपील की कि वे खाद, बीज एवं अन्य कृषि आदान खरीदते समय दुकानदार से पक्का बिल अवश्य प्राप्त करें। यदि कोई विक्रेता निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद-उर्वरक बेचता है या अनियमितता करता है, तो उसकी शिकायत तत्काल कृषि विभाग में करें।
निरीक्षण दल में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी बड़वारा आर.के. रावत, उर्वरक निरीक्षक रामअवतार दांगी, कृषि विस्तार अधिकारी ब्रह्मानंद परस्ते, दिलीप बारिया सहित जिला स्तर के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
✍️ मनोज कुमार तिवारी
RPKP INDIA NEWS
खितौली
