जनसुनवाई में 400 से अधिक आवेदनों पर हुई सुनवाई, सीईओ जिला पंचायत ने अधिकारियों को दिए त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश

(सीधी) शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का त्वरित, प्रभावी एवं संवेदनशील निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 400 से अधिक आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरतापूर्वक अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, सामाजिक न्याय, खाद्य, स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत, लोक निर्माण, नगर निकाय, पेयजल, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। सीईओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण करते हुए निर्धारित समय-सीमा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई केवल शिकायत दर्ज करने का माध्यम नहीं, बल्कि नागरिकों को वास्तविक राहत प्रदान करने की व्यवस्था है। इसलिए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए तथा शिकायतों के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि सभी विभाग शिकायतों के निराकरण के दौरान संवेदनशीलता, जवाबदेही एवं समन्वय के साथ कार्य करें। जिन प्रकरणों का निराकरण मौके पर संभव था, उनमें तत्काल आवश्यक निर्देश दिए गए, जबकि जांच अथवा मैदानी सत्यापन अपेक्षित मामलों में संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में जांच पूर्ण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और प्रत्येक प्रकरण का समाधान संतोषजनक ढंग से किया जाए।

जनसुनवाई के दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत धनंजय मिश्रा सहित जिले के सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें