खितौली-बरनमहंगवा मार्ग पर बड़ा हादसा टला, साइड देते समय अनियंत्रित होकर खेत में पलटी बोलेरो, सभी यात्री सुरक्षित; सड़क निर्माण में लापरवाही पर उठे सवाल

खितौली (आरपीकेपी इंडिया न्यूज) खितौली-बरनमहंगवा मार्ग पर गत दिवस देर रात एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में पलट गया। हादसा उस समय हुआ जब जबलपुर से हदरहटा की ओर जा रही बोलेरो दूसरे वाहन को साइड दे रही थी। गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो हदरहटा निवासी बालमुकुंद विश्वकर्मा की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क के किनारे पर्याप्त बजरी एवं शोल्डर नहीं होने के कारण वाहन संतुलन खो बैठा और सीधे खेत में जा पलटा।

स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि सड़क के किनारे समय पर बजरी डालकर शोल्डर तैयार किया गया होता, तो यह हादसा टाला जा सकता था। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माणाधीन सड़क पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने, सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा ठेकेदार की लापरवाही पर उचित कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

✍️ मनोज कुमार तिवारी
  RPKP INDIA NEWS
            खितौली

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें