सीएम हेल्पलाइन में ग्रेडिंग में सुधार करें ए ग्रेड में आये सभी विभाग-कलेक्टर

समय-सीमा प्रकरणों की बैठक में सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा

(मैहर) कलेक्टर मैहर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में सभी विभाग अपनी ग्रेडिंग में सुधार लाकर ’ए’ ग्रेड में आने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में 50 दिवस से ऊपर की एक भी शिकायत शेष नहीं रहनी चाहिए और ना ही किसी स्तर पर शिकायत नाट-अटेण्ड रहे। बुधवार को समय-सीमा प्रकरणों की बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन, फार्मर रजिस्ट्री, मुख्य सचिव की बैठक के समीक्षा बिन्दु, संबल योजना सहित विभागीय समन्वय के मुद्दों पर चर्चा की। इस मौके पर अपर कलेक्टर संजना जैन, एसडीएम एसपी मिश्रा, आरती सिंह, दिव्या पटेल, डिप्टी कलेक्टर आशिमा पटेल सहित विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा में कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में सी और डी श्रेणी में रहे विभाग के अधिकारियों की एक दिवस की वेतन काटी गई है। आगे भी खराब प्रदर्शन पाये जाने पर एक सप्ताह की वेतन काटने की कार्यवाही की जायेगी। कलेक्टर ने कहा कि मैहर को प्लास्टिक मुक्त शहर बनाने स्कूल, कालेजों में जिंगल तथा प्रतियोगितायें आयोजित कर जन जागरूकता का वातावरण बनाये। कलेक्टर ने बताया कि मैहर जिले में हाईस्कूल और हायर सेकेण्डरी के विद्यार्थियों को नीट और जेईई की कोचिंग प्रारंभ करने का नवाचार किया जायेगा। इसके लिए अच्छे शिक्षकों का ग्रुप तैयार करें, जिन्हें एलेन संस्था के माध्यम से प्रशिक्षण दिलाया जायेगा। कलेक्टर ने सभी राजस्व न्यायालयों को उनके निर्धारित मुख्यालय पर ही संचालित करने के निर्देश दिये है। उन्होंने कहा कि मैहर में अन्य वृत्त के राजस्व न्यायालय संचालित होने पर आमजन को अधिक दूरी तय कर कठिनाइयों का सामना करना पडता है।

उन्होंने तहसील कार्यालय मैहर के रिक्त कक्षों को जिला कोषालय मैहर के लिए आंवटित करने को कहा है। फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा में कलेक्टर ने कहा कि सभी एसडीएम और तहसीलदार फार्मर रजिस्ट्री के कार्य की सतत समीक्षा करें। प्रत्येक तहसील में सबसे कम उपलब्धि वाले 2-2 पटवारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही करें। फार्मर रजिस्ट्री और अन्य राजस्व कार्यो की समीक्षा के लिए गुरूवार को प्रातः 11 बजे से मैहर, अमरपाटन, रामनगर के पटवारियों एवं ग्रामीण क्षेत्र के कृषि अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक एकलव्य आवासीय विद्यालय के प्रेक्षा गृह में ली जायेगी। इसके अलावा फार्मर रजिस्ट्री के लिए ग्राम पंचायत में संबंधित क्षेत्र के पटवारी 4 दिन तक उपस्थित रहकर किसानों की रजिस्ट्री का कार्य करेंगे।

डीएमएफ के कार्यो की समीक्षा में कलेक्टर ने कहा कि स्वीकृत 76 कार्यो को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण कराये। डीएमएफ के कार्यो को उचित स्वरूप में पूर्ण नहीं करने वाली ग्राम पंचायत को इस मद में कोई कार्य स्वीकृत नहीं किये जाये। कलेक्टर ने कहा कि बरसात के मौसम में स्कूल, कालेज और छात्रावास, आंगनवाडी केन्द्र के पेयजल स्त्रोतों के सैम्पल लेकर जल की शुद्धता की जांच कराये और क्लोरीनेशन कर शुद्धिकरण कराये।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें