NITI TARA डिवाइस के प्रभावी उपयोग हेतु आकांक्षी ब्लॉक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण
(टीकमगढ़) कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नीति आयोग के आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत टीकमगढ़ जिले के आकांक्षी ब्लॉक बल्देवगढ़ के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए NITI TARA ¼Toolkit for Analysis, Review and Action½ के प्रभावी उपयोग एवं क्षमता संवर्धन हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने आकांक्षी ब्लॉक बल्देवगढ़ के एसडीएम, जनपद सीईओ एवं विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण परिवेश तक योजनाओं का प्रचार प्रसार करने एवं शासकीय कार्यक्रमों को अंतिम छोर तक समझाने में ये डिवाइस उपयोगी रहेगी इसीलिए सम्बंधित अधिकारी एवं कर्मचारी इसका प्रभावी उपयोग सीख लें।प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को NITI TARA प्लेटफॉर्म की कार्यप्रणाली, डेटा आधारित योजना निर्माण, योजनाओं की प्रगति की प्रभावी समीक्षा, रियल-टाइम मॉनिटरिंग तथा विभिन्न विकास संकेतकों के विश्लेषण की जानकारी दी गई।
विशेषज्ञों ने बताया कि नीति तारा के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण, कृषि एवं जल संसाधन, आधारभूत संरचना तथा सामाजिक विकास से जुड़े प्रमुख संकेतकों की नियमित निगरानी कर योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में सहायता मिलेगी। यह प्रशिक्षण देशभर के आकांक्षी जिलों एवं आकांक्षी ब्लॉकों में क्षमता निर्माण के उद्देश्य से संचालित किए जा रहे अभियान का हिस्सा है।प्रशिक्षण में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध विभिन्न टूल्स का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया तथा डेटा की गुणवत्ता, समयबद्ध अद्यतन और विभागों के मध्य समन्वय के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों से अपेक्षा की गई कि वे नीति तारा के माध्यम से प्राप्त आंकड़ों का उपयोग विकास कार्यों की नियमित समीक्षा एवं बेहतर योजना निर्माण में करें। कार्यक्रम में संबंधित विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।
