भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने दतिया विधानसभा के मतदाताओं का जताया आभार
मतदाताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी अटूट आस्था और विश्वास का परिचय दिया है: हेमंत खण्डेलवाल
भोपाल (RPKP INDIA NEWS) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने गुरूवार को संपन्न हुए दतिया विधानसभा उपचुनाव के मतदान में उत्साह, जागरूकता और जिम्मेदारी के साथ भागीदारी निभाने वाले सभी मतदाताओं के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि दतिया की जागरूक जनता ने बड़ी संख्या में मतदान कर लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी अटूट आस्था और विश्वास का परिचय दिया है। लोकतंत्र की मजबूती में जनता की सक्रिय भागीदारी ही सबसे बड़ी शक्ति होती है और दतिया के मतदाताओं ने इस दायित्व का पूरी निष्ठा से निर्वहन किया है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान होता है। दतिया विधानसभा के मतदाताओं ने अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग कर यह संदेश दिया है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी गहरी आस्था है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि सभी वर्गों की भागीदारी लोकतंत्र को और अधिक सशक्त एवं समृद्ध बनाती है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र के इस महापर्व में सहभागी बने प्रत्येक मतदाता का हृदय से अभिनंदन करती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दतिया की जनता ने प्रदेश के विकास, सुशासन और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरि होती है और जनता का निर्णय सदैव सर्वोच्च एवं सर्वमान्य होता है। उन्होंने शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित मतदान संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले भारत निर्वाचन आयोग, जिला निर्वाचन प्रशासन, पुलिस प्रशासन, सुरक्षा बलों, मतदान दलों तथा चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के समन्वित प्रयासों से मतदान प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई, जिससे मतदाताओं को निर्भीक एवं सहज वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिला।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं चुनाव अभियान में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले प्रत्येक कार्यकर्ता का भी अभिनंदन करते हुए कहा कि संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता ने पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
