‘याद-ए-वतन’ में देशभक्ति गीतों से गूंजा मानस भवन, शहीदों को दी भावांजलि
(जबलपुर) स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को मानस भवन में नगर निगम एवं विभिन्न समितियों के संयुक्त तत्वावधान में ‘याद-ए-वतन’ राष्ट्रीय स्तर के सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह सहित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। देशभर से आए कलाकारों और संस्कारधानी के स्थानीय कलाकारों ने देशभक्ति गीत, भजन एवं नृत्य की प्रस्तुतियों से अमर शहीदों को सुरमयी भावांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।
लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने कहा कि वीर शहीदों के बलिदान को याद करना और नई पीढ़ी को उनके योगदान से परिचित कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने ‘याद-ए-वतन’ कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताते हुए आयोजन से जुड़ी सभी समितियों को बधाई दी।
महापौर श्री सिंह अन्नू ने कहा कि ‘याद-ए-वतन’ के माध्यम से प्रतिवर्ष आजादी के जश्न को गीत-संगीत में पिरोकर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाती है। उन्होंने नागरिकों से 15 अगस्त को अपने घरों पर तिरंगा फहराने और ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ‘के फॉर किशोर’ के अनिल श्रीवास्तव, सारेगामापा की विजेता एवं इंडियाज गॉट टैलेंट की फर्स्ट रनर अप इशिता विश्वकर्मा, इंडियाज गॉट टैलेंट के फाइनलिस्ट रेनबो डांस ग्रुप, कोलकाता सहित स्थानीय कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं।
इस अवसर पर सांसद श्री आशीष दुबे, राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा बाल्मीकि, विधायक श्री अजय विश्नोई, विधायक डॉ. अभिलाष पांडे,मध्य प्रदेश तीर्थ स्थान एवं मेला विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री विनोद गोटिया, जेडीए अध्यक्ष श्री संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष श्री रिकुंज विज,प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री अखिलेश जैन, भाजपा नगर अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर, कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह, एसपी श्री संपत उपाध्याय, नगर निगम आयुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित थे.
