समय-सीमा बैठक में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की समीक्षा, जनहित के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
(सीधी) कलेक्टर विकास मिश्रा की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान सहित बाढ़ एवं अतिवृष्टि, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, छात्रावासों, जर्जर भवनों एवं स्वरोजगार योजनाओं से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समयबद्ध एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत सेवाओं का निर्धारित समय-सीमा में प्रदाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों से सीधे जुड़े इन कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। सभी विकासखंडों को अपने स्तर पर अभियान से संबंधित कार्यवाही निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए गए। अभियान के अंतर्गत अगला जिलास्तरीय शिविर शुक्रवार 21 अगस्त को कुसमी विकासखंड के टमसार में आयोजित किया जाएगा।
कलेक्टर ने बाढ़ एवं अतिवृष्टि की स्थिति की सतत निगरानी करने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव संबंधी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जर्जर एवं अनुपयोगी शासकीय भवनों को चिन्हित कर नियमानुसार डिस्मेंटल की कार्रवाई करने को कहा गया।
पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जल स्रोतों का नियमित क्लोरीनेशन कराने तथा नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को आदिवासी क्षेत्रों में खराब ट्रांसफार्मरों को प्राथमिकता से सुधारने तथा विद्यालयों के आसपास लटके विद्युत तारों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
रक्षाबंधन से पूर्व जिले के सभी छात्रावासों का निरीक्षण कराने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि छात्रावासों में नशे की स्थिति में कोई व्यक्ति पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। बालिका छात्रावासों में पुरुषों की अनधिकृत उपस्थिति नहीं होने देने तथा छात्राओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने तथा लंबित प्रकरणों में तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं और जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय, सहित सभी विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
