शारदा माता मंदिर में 7 ताले तोड़कर DVR उखाड़ने वाले शातिर दंपति मैहर जाते समय घिरे
खाकी का चक्रव्यूह: आस्था पर डाका डालने वाला ‘बंटी-बबली’ गिरोह दबोचा, 12 लाख के जेवरात व कार जब्त
शारदा माता मंदिर में 7 ताले तोड़कर DVR उखाड़ने वाले शातिर दंपति मैहर जाते समय घिरे
कटनी, सतना, सिवनी और दमोह के 10 से अधिक मंदिरों व सूने मकानों में दी थी दस्तक, मास्टरमाइंड पर दर्ज हैं 36 मुकदमे
कटनी। RPKP INDIA NEWS
जिले भर के धार्मिक स्थलों और सूने आशियानों को निशाना बनाकर पुलिस के लिए सिरदर्द बन चुका अंतरजिला मंदिर चोर गिरोह आखिरकार खाकी के मजबूत फंदे में फंस गया। पुलिस ने फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर गिरोह के सरगना पति-पत्नी को मैहर जेवरात खपाने जाते समय स्विफ्ट डिजायर कार सहित दबोच लिया। पकड़े गए शातिर पति पर पूर्व से 36 संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से भगवान के चांदी के मुकुट, छत्र, सोने के लॉकेट, जेवरात और वारदात में प्रयुक्त लग्जरी कार सहित करीब 12 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।
मंदिरों के ताले तोड़ना था पेशा, बेटा और साथी भी शामिल। वरिष्ठ अधिकारियो के मार्गदर्शन मे विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे की टीम ने इस सनसनीखेज गिरोह का पर्दाफाश किया।
गिरफ्तार आरोपियों में राजा उर्फ मोहन साहू (42 वर्ष) और उसकी पत्नी राजनंदिनी साहू (40 वर्ष), निवासी प्रेम नगर तिलक कॉलेज (कटनी) शामिल हैं। गिरोह में इनका बाल अपचारी पुत्र और साथी आदी उर्फ आदित्य बर्मन (जो वर्तमान में सिवनी जेल में बंद है) भी सक्रिय रूप से शामिल थे।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम (मोडस ऑपरेंडी)
पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए। यह गिरोह सफेद स्विफ्ट डिजायर कार से रेकी कर ऐसे मंदिरों और सूने मकानों को चुनता था जहाँ सुरक्षा कम हो। मौके पर पहुंचकर दो लोग ताले तोड़कर अंदर गर्भगृह में घुसते थे, जबकि शेष दो सदस्य बाहर खड़े होकर निगरानी (रेकी) करते थे। किसी के आने की आहट होते ही कोड वर्ड में अंदर वालों को सतर्क कर दिया जाता था।
24-25 जुलाई की रात शारदा मंदिर में मचाया था तांडव
24-25 जुलाई की दरमियानी रात विजयराघवगढ़ स्थित प्रसिद्ध माँ शारदा मंदिर के 6 से 7 ताले काटकर बदमाशों ने गर्भगृह में प्रवेश किया था। वहां से माता का चांदी का मुकुट, छत्र, सोने का लॉकेट, भगवान नरसिंह का मुकुट-छत्र और दानपेटी से भारी नकदी पार कर दी थी। सुबूत मिटाने के लिए शातिर बदमाश मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर (DVR) तक उखाड़कर ले गए थे।
घेराबंदी कर ग्राम पड़खुड़ी के पास दबोचा
लगातार सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल और मुखबिर तंत्र की मदद से 19 अगस्त की सुबह 8:00 बजे सूचना मिली कि संदेही सफेद कार से चोरी का माल बेचने मैहर की तरफ जा रहे हैं। विजयराघवगढ़ पुलिस ने ग्राम पड़खुड़ी के पास त्वरित नाकाबंदी कर कार को घेर लिया। कड़ी पूछताछ में दोनों ने विजयराघवगढ़, माधवनगर, कुठला, बरही सहित सतना (उचेहरा), दमोह और सिवनी जिले के मंदिरों में चोरी करना स्वीकार किया।
*इन प्रमुख वारदातों का हुआ खुलासा:*
*शारदा माता मंदिर (विजयराघवगढ़): छत्र, मुकुट, मंगलसूत्र व दानपेटी की नकदी।
* जैन मंदिर (माधवनगर/पिपरौंध): दानपेटी से नकदी चोरी।
* रामजानकी मंदिर (बरही/ग्राम पिपरिया): भगवान के मुकुट की चोरी।
* हनुमान मंदिर (बिलहरी/कुठला): भगवान का मुकुट चोरी।
* राधाकृष्ण मंदिर (उचेहरा, सतना): चांदी की बांसुरी, सिक्के व छत्र चोरी।
* सत्य माता मंदिर (पटिहट, सतना): छत्र, मुकुट व आभूषण।
* सूने मकान व मंदिर (एनकेजे, जिवारा व बंडोल): जेवरात व नकदी की चोरी।
बरामदगी:
* 3 त्रिकोणाकार चांदी के मुकुट, 2 गोलाकार चांदी के छत्र
* 1 बड़ा त्रिकोणाकार मुकुट, चांदी का कमरबंद
* चांदी की संताने साते की चूड़ियां, 4 जोड़ी पायल (बोरा व पतली)
* 6 नग चांदी की बिछिया, सोने का लॉकेट
* सफेद स्विफ्ट डिजायर कार (कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये)
अपराधिक रिकॉर्ड का पुलिंदा:
* राजा उर्फ मोहन साहू: 36 संगीन आपराधिक मामले
* राजनंदिनी साहू: 09 आपराधिक मामले
* आदी उर्फ आदित्य बर्मन: 09 आपराधिक मामले
*सराहनीय भूमिका:*
इस ब्लाइंड केस को सुलझाने में विजयराघवगढ थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे, उनि रूपेन्द्र राजपूत (NKJ थाना प्रभारी ), उनि महेन्द्र जायसवाल (उमरियापान थाना प्रभारी ), उनि नवीन नामदेव (बिलहरी चौकी प्रभारी ), उनि सिद्धार्थ राय, उनि योगेश मिश्रा, उनि रामकुमार झारिया, उनि शैलेंद्र सिंह, प्रआर मंजू कोल, अंजनी झा, पप्पू प्रजापति, आरक्षक उमाकांत, लोकेंद्र, महिला आरक्षक नेहा सिंह एवं साइबर सेल के आरक्षक अजय केवट की मुख्य भूमिका रही। फरार बाल अपचारी की सरगर्मी से तलाश जारी है।

