संबल योजना की राशि में कमीशन की शिकायत से मचा हड़कंप, विधायक पाठक ने कहा—गरीब के हक का पैसा खाने वालों पर हो कार्रवाई
बरही। RPKP INDIA NEWS
नगर परिषद बरही में संबल योजना के हितग्राहियों से कथित कमीशन लिए जाने की शिकायत सामने आने के बाद मामला गरमा गया है। 15 अगस्त को नवनिर्मित रेन बसेरा के लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व मंत्री एवं विधायक संजय सत्येंद्र पाठक के सामने कुछ हितग्राहियों ने योजना की राशि स्वीकृत कराने के नाम पर कथित रूप से कमीशन मांगे जाने की शिकायत रखी।
शिकायत सुनने के बाद विधायक श्री पाठक ने मंच से ही नाराजगी जताते हुए पार्षदों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि गरीब और मृतक परिवारों को मिलने वाली संबल योजना की राशि में किसी भी प्रकार की कटौती या कमीशनखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधायक श्री पाठक ने कहा कि मृत व्यक्ति के परिवार को मिलने वाली चार लाख रुपये की सहायता राशि में यदि किसी ने कमीशन लिया है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित लोगों से गरीबों के हक का पैसा नहीं खाने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में मानवता को सबसे ऊपर रखा जाना चाहिए।
इसी दौरान विधायक ने नगर परिषद के निर्माण कार्यों में होने वाली कथित अनियमितताओं पर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने निर्माण कार्यों में सामग्री की मांग और रेत-सीमेंट की कथित हेराफेरी का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें इन गतिविधियों की जानकारी है, लेकिन गरीब परिवारों को मिलने वाली सहायता राशि में किसी भी प्रकार की कटौती गंभीर विषय है।
अधिकारियों की भूमिका पर भी उठे सवाल
संबल योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं की राशि हितग्राहियों तक पहुंचाने की प्रक्रिया में यदि किसी स्तर पर कमीशन की शिकायत सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय होना जरूरी है। शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि राशि में कथित कमीशन की मांग किस स्तर पर और किसके द्वारा की गई।
विधायक ने स्पष्ट संकेत दिया कि मामले में राजनीतिक पहचान के आधार पर किसी को संरक्षण नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि दोषी चाहे सत्ता पक्ष से जुड़ा हो या विपक्ष से, जांच में दोष सिद्ध होने पर कार्रवाई होनी चाहिए।
अब देखना होगा कि नगर परिषद एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारी इन गंभीर शिकायतों पर कितनी तेजी से जांच शुरू करते हैं और यदि शिकायत सही पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
