संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज की सामाजिक समरसता संकल्प अभियान यात्रा का बड़ागांव धसान में भव्य स्वागत
(टीकमगढ़) संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के पावन उपलक्ष्य में जनजातीय कार्य विभाग द्वारा सामाजिक समरसता संकल्प अभियान के तहत जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सामाजिक समरसता संकल्प अभियान यात्रा जिले के विभिन्न ग्रामों से होते हुए बड़ागांव धसान पहुंची, जहां श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणजनों द्वारा यात्रा का उत्साहपूर्वक एवं आत्मीय स्वागत किया गया।
कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय के मार्गदर्शन में जनजातीय कार्य विभाग के जिला संयोजक श्री मुकेश पालीवाल के निर्देशन तथा क्षेत्र संयोजक श्री आलोक कुमार गुप्ता के सहभागिता से जिले की विभिन्न पंचायतों में यात्रा का स्वागत किया जा रहा है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणजनों द्वारा रथ में विराजमान संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज के कलश का दर्शन एवं पूजन कर श्रद्धा व्यक्त की गई।
सामाजिक समरसता संकल्प अभियान के जिला संयोजक श्री अश्वनी चढ़ार भी यात्रा में सहभागी रहे। यात्रा का माडुमर, पठा, गुदनवारा, समर्रा, अजनौर, अमरपुर, अन्तोरा, ढूंढा एवं मिथिला खैरा सहित अनेक स्थानों पर ग्रामीणजनों एवं श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा एवं पुष्पमालाओं से भव्य स्वागत किया गया।
यात्रा के दौरान संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज के समता, सद्भाव, सामाजिक एकता एवं मानव कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। श्रद्धालुओं ने संत रविदास जी महाराज के आदर्शों एवं विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प भी दोहराया।
संत रविदास जी महाराज की वाणी समाज में समानता, भाईचारे और मानवता की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देती है। उनके विचार जाति-पंथ तथा ऊंच-नीच के भेदभाव से मुक्त ऐसे समरस समाज की स्थापना का संदेश देते हैं, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान एवं अवसर प्राप्त हो।
यात्रा के बड़ागांव धसान पहुंचने पर स्थानीय श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणजनों द्वारा भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। इसके पश्चात यात्रा का संत श्री रविदास जी मंदिर में रात्रि विश्राम हुआ। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने संत रविदास जी महाराज के चरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित किए तथा सामाजिक समरसता, सद्भाव एवं सामाजिक एकता को मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर संत रविदास जी महाराज सामाजिक समरसता संकल्प अभियान के जिला संयोजक श्री अश्वनी चढ़ार, श्री सुनील रैकवार, श्री जगजीवन प्रजापति, श्री कपिल नामदेव, श्री महेंद्र अहिरवार, श्री प्रवीण नामदेव, श्री आदित्य परमार, श्री भज्जू लोधी, श्री रामलाल प्रजापति सहित मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के सामाजिक कार्यकर्ता, सुदर्शन फाउंडेशन के समन्वयक श्री शिवम नापित, श्रद्धालु एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
