उज्जैन के वाल्मीकि धाम पहुंचे CM मोहन यादव, किया छड़ी पूजन; प्रदेशवासियों को दी पर्वों की शुभकामनाएं

उज्जैन | RPKP INDIA NEWS

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार सुबह उज्जैन स्थित श्री वाल्मीकि धाम सिद्धपीठ आश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने अनंत श्री विभूषित 1008 स्वामी सोहनदास जी की समाधि और प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वाल्मीकि धाम पहुंचे श्री जाहरवीर गोगादेव के निशान ध्वज का विधिवत छड़ी-पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने धार्मिक और सामाजिक समरसता के संदेश को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

स्वामी सोहनदास जी की समाधि पर अर्पित की पुष्पांजलि

मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर में अनंत श्री विभूषित 1008 स्वामी सोहनदास जी की समाधि और प्रतिमा के दर्शन किए। उन्होंने पुष्पांजलि अर्पित कर प्रदेश की उन्नति, सुख-शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्यसभा सदस्य एवं बालयोगी संत श्री उमेशनाथ जी महाराज से भी मुलाकात की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम में विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, श्री संजय अग्रवाल, उज्जैन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री मुकेश यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

संतों के आशीर्वाद से गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने पर जोर

दर्शन-पूजन के बाद मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में संतों और साधु-संतों के आशीर्वाद से भारत के गौरवशाली अतीत को पुनः स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ना आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने राज्यसभा सदस्य महंत श्री उमेशनाथ जी महाराज के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने लंबे समय से उज्जैन के वाल्मीकि धाम आश्रम को चैतन्य बनाने का कार्य किया है।

वाल्मीकि और बाबा गोगा महाराज के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान वाल्मीकि के आदर्शों और उनके कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बाबा जाहरवीर गोगा महाराज के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन का सर्वस्व समाज के लिए समर्पित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में बाबा गोगा महाराज के ध्वज चिह्न निकलना सौभाग्य की बात है। इससे सामाजिक समरसता और एकात्मता का संदेश देशभर में पहुंचने की बात उन्होंने कही।

भुजरिया, जन्माष्टमी और गोगा नवमी की शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को भुजरिया पर्व, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और गोगा नवमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें