लांजी के स्कूल पहुंचे CM मोहन यादव, बच्चों से की पढ़ाई पर चर्चा; छात्राओं की राखी पर मिला खास तोहफा
बालाघाट | RPKP INDIA NEWS
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार, 29 अगस्त को बालाघाट जिले के लांजी स्थित शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के लक्ष्यों के बारे में बातचीत की। मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया।
छात्राओं ने राखी बांधकर मांगा सांदीपनि विद्यालय का उपहार
रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री के विद्यालय भ्रमण के दौरान छात्राओं ने उन्हें राखी बांधी। छात्राओं ने उपहार के रूप में अपने स्कूल को सांदीपनि विद्यालय में परिवर्तित करने की मांग रखी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छात्राओं की इच्छा को स्वीकार करते हुए उनके विद्यालय को सांदीपनि विद्यालय बनाने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री के इस आश्वासन से विद्यार्थियों में खुशी का माहौल नजर आया।
कक्षा में शिक्षक की भूमिका में नजर आए मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यालय की कक्षा में चल रहे रसायन विज्ञान के पीरियड में विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से सवाल किया कि पानी में क्या डालने से आग लग जाती है।
एक छात्रा ने इसका जवाब देते हुए बताया कि पानी में सोडियम डालने से आग लग सकती है। मुख्यमंत्री ने छात्रा के उत्तर की सराहना की और विद्यार्थियों से पढ़ाई को लेकर बातचीत आगे बढ़ाई।
विद्यार्थियों ने बताया अपना भविष्य का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से यह भी पूछा कि वे भविष्य में क्या बनना चाहते हैं। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ बताया कि वे मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग यानी पीएससी की तैयारी कर अधिकारी बनना चाहते हैं।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और भविष्य को लेकर उनकी सोच को जाना तथा उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
छात्रा के सवाल पर CM ने समझाया सांदीपनि विद्यालय का उद्देश्य
कक्षा में एक छात्रा ने मुख्यमंत्री से पूछा कि सीएम राइज विद्यालयों का नाम सांदीपनि विद्यालय क्यों रखा गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण और उनके मित्र सुदामा के गुरु महर्षि सांदीपनि से प्रेरणा लेकर इन विद्यालयों का नाम सांदीपनि विद्यालय रखा गया है।
उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों में बिना किसी भेदभाव के सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने सांदीपनि गुरु के आश्रम की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि इन विद्यालयों में अमीर और गरीब सभी बच्चों को समान अवसर मिलना चाहिए।
विद्यार्थियों के साथ फोटो खिंचवाई
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यालय में विद्यार्थियों के साथ समय बिताया और उनके साथ फोटो भी खिंचवाई। उन्होंने कहा कि बच्चों के उत्साह, आत्मविश्वास और शिक्षा के प्रति उनकी रुचि देखकर उन्हें प्रसन्नता हुई।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री तथा बालाघाट जिले के प्रभारी मंत्री श्री उदयप्रताप सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती धनश्री जैन, विद्यालय का स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
