“सर… खरपतवार का मतलब होता है…” — मानवी के आत्मविश्वास भरे जवाब ने कलेक्टर का दिल जीत लिया

कक्षा में अचानक पहुंचे कलेक्टर, सवाल पूछा तो पूरे आत्मविश्वास से बोली छात्रा; बोले—इसी विश्वास के साथ आगे बढ़ो

(कटनी) – कक्षा में रोज की तरह पढ़ाई चल रही थी। बच्चों को शायद अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही पल में उनके बीच जिले के कलेक्टर पहुंचने वाले हैं। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत कलेक्टर श्री आशीष तिवारी शनिवार को ईपीईएस शासकीय माध्यमिक शाला डिठवारा का निरीक्षण करने पहुंचे। कक्षा 8वीं में प्रवेश करते ही उन्होंने बच्चों से बातचीत शुरू की और माहौल औपचारिक निरीक्षण से निकलकर आत्मीय संवाद में बदल गया।

कलेक्टर श्री तिवारी ने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई के बारे में पूछा और अचानक छात्रा मानवी साहू से विज्ञान विषय का सवाल कर दिया। सवाल था—खरपतवार किसे कहते हैं?

मानवी ने बिना घबराए और बिना किसी झिझक के पूरे आत्मविश्वास से जवाब दिया कि फसलों के साथ उगने वाले अनावश्यक पौधों को खरपतवार कहा जाता है। इसके बाद मानवी ने विज्ञान विषय के पेज नंबर-10 का पाठ भी बिना रुके सुना दिया।

मानवी का आत्मविश्वास, विषय पर पकड़ और बेझिझक जवाब देखकर कलेक्टर श्री तिवारी प्रभावित हुए। उन्होंने छात्रा की सराहना करते हुए उसे इसी आत्मविश्वास के साथ पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

एक सवाल, लेकिन मानवी ने दिखा दिया बड़े सपनों का आत्मविश्वास

कलेक्टर के लिए यह महज एक विद्यार्थी से सवाल-जवाब का क्षण नहीं था। मानवी का आत्मविश्वास इस बात की झलक था कि ग्रामीण अंचल के बच्चों में भी प्रतिभा और आगे बढ़ने का जज्बा भरपूर है—जरूरत है तो केवल उन्हें सही अवसर और प्रोत्साहन देने की।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें