मुख्यमंत्री डॉ. यादव लांजी के विद्यालय में मिले विद्यार्थियों से, निभाई शिक्षक की भूमिका छात्राओं ने कहा “राखी के उपहार में हमें चाहिये, हमारा स्कूल बने सांदीपनि विद्यालय”
मुख्यमंत्री ने छात्राओं के स्कूल को भेंट स्वरूप दिया सांदीपनि विद्यालय बनाने का आश्वासन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से कक्षा में एक बालिका ने सवाल किया कि सीएम राइज विद्यालयों का नाम सांदीपनि विद्यालय क्यों रखा गया है? मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बालिका के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण और उनके मित्र सुदामा के गुरु महर्षि सांदीपनि से प्रेरणा लेकर इन विद्यालयों का नाम सांदीपनि विद्यालय रखा गया है। उन्होंने बताया कि इन विद्यालयों में बगैर किसी भेदभाव के सांदीपनि गुरु के आश्रम की तरह ही अमीर और गरीब सभी बच्चों को समान एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों के साथ समय व्यतीत कर उनके साथ फोटो भी खिंचवाई।
उन्होंने कहा कि बच्चों के उत्साह, आत्मविश्वास और शिक्षा के प्रति उनकी रुचि देखकर उन्हें बहुत प्रसन्नता हुई। इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री तथा बालाघाट जिले के प्रभारी मंत्री श्री उदयप्रताप सिंह एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती धनश्री जैन सहित विद्यालय का स्टॉफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
