कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैंकर्स समिति की त्रैमासिक बैठक संपन्न
हितग्राहीमूलक योजनाओं में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने बैंकों को दिए त्वरित ऋण स्वीकृति एवं वितरण के निर्देश
(जबलपुर) कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कार्यालय में जिला स्तरीय समन्वय समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न हितग्राहीमूलक शासकीय योजनाओं की प्रगति, निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध उपलब्धियों तथा ऋण वितरण की स्थिति की समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह ने बैंकर्स को निर्देशित किया कि हितग्राहीमूलक योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त ऋण प्रकरणों का त्वरित परीक्षण एवं स्वीकृति सुनिश्चित करते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर ऋण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने जिले में ऋण वितरण की गति बढ़ाने तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित हितग्राहीमूलक योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। जिन योजनाओं में निर्धारित लक्ष्य की तुलना में उपलब्धि अपेक्षाकृत कम पाई गई, उन योजनाओं के लंबित प्रकरणों का विभागीय अधिकारियों एवं बैंकर्स के बीच समन्वय स्थापित कर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने बैंकों में गैर-निष्पादित परिसंपत्तियों की स्थिति की भी समीक्षा की तथा एनपीए प्रकरणों में नियमानुसार प्रभावी वसूली कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
श्री सिंह ने बैंक अधिकारियों से कहा कि ऋण वितरण के साथ-साथ ऋण की वसूली और बैंकिंग व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक गहलोत, एलडीएम श्री दिवाकर ठाकुर, भारतीय रिजर्व बैंक के अधिकारी, विभिन्न बैंकों के अधिकारी-कर्मचारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
