12,13,14 एवं 15 नवंबर को आयोजित उस्ताद अलाउद्दीन खा संगीत समारोह का आयोजन होगा ———–
पूर्व रंग कार्यक्रम में नवोदित कलाकारों को मंच देने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार के दिए निर्देश ———– कलेक्टर श्रीमती मुखर्जी की अध्यक्षता में उस्ताद अलाउद्दीन खा संगीत समारोह का आयोजन की तैयारियों के लिए बैठक आयोजित
(मैहर) मैहर उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत समारोह वर्ष 2026 के आयोजन की तैयारियों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में स्थानीय समिति की बैठक गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में तय हुआ कि इस वर्ष उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत समारोह का आयोजन 12 से 15 नवम्बर को किया जाएगा। 12 नवम्बर को पूर्व रंग कार्यक्रम में नवोदित और स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान किया जाएगा।
बैठक में समारोह के सफल एवं भव्य आयोजन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा समिति के सदस्यों से आवश्यक सुझाव एवं प्रस्ताव प्राप्त किए गए। बैठक में अलाउद्दीन खाँ अकादमी के निदेशक श्री प्रकाश चंद ठाकुर, संस्कृति विभाग के डिप्टी डायरेक्टर श्री अमित यादव, समाजसेवी श्री रमेश पांडे एवं डॉ. कैलाश जैन, श्री कमलेश सुहाने, सीएसपी श्री महेंद्र सिंह, श्रीमती अंबिका बैरी, श्री संतोष सोनी, श्री सत्यभान पटेल, श्री विकास तिवारी, श्री महेश तिवारी, श्रीमती चंदा सिंह, श्री भरत अग्रवाल सहित समिति के सदस्य एवं आमंत्रितजन उपस्थित रहे। कलेक्टर श्रीमती मुखर्जी ने समारोह के आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि मुख्य कार्यक्रम के पहले पूर्व रंग कार्यक्रम आयोजित किया जाए। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित मैहर मल्हार कार्यक्रम में प्रतिभा प्रदर्शित करने वाले नवोदित कलाकारों को अपनी कला प्रस्तुत करने के लिए समारोह के दौरान मंच उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने जिले के विभिन्न ब्लॉकों, विशेषकर रामनगर एवं अमरपाटन से आने वाले श्रोतागण के लिए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए उचित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मैहर उस्ताद अलाउद्दीन खाँ बैंड की आकर्षक प्रस्तुति आयोजित करने के लिए आवश्यक तैयारियां समय से पूर्व पूर्ण करने को कहा।
कलेक्टर ने समारोह के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर देते हुए जिले के साथ-साथ आसपास के अन्य जिलों में भी अधिक से अधिक प्रचार सामग्री एवं अन्य माध्यमों से कार्यक्रम का प्रचार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक संगीत प्रेमी समारोह में शामिल हो सकें।
इसके अलावा शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों तथा महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं को भी समारोह में शामिल करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बैठक में समारोह के सफल आयोजन के लिए मंच, दर्शक व्यवस्था, परिवहन, प्रचार-प्रसार, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने समिति के सदस्यों एवं आमंत्रितजनों से समारोह को और अधिक प्रभावी एवं आकर्षक बनाने के लिए सुझाव प्राप्त किए।
