जनसुनवाई में 275 आवेदकों की समस्याएं सुनी गईं, एक ही स्थान पर मिलीं कई सुविधाएं
(सीधी) जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिलेभर से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत कीं। कलेक्टर विकास मिश्रा ने जनसुनवाई में उपस्थित होकर 275 आवेदकों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रकरणों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हितग्राहीमूलक योजनाओं से संबंधित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। प्रत्येक आवेदक को उसके आवेदन पर की गई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी आवेदन का निराकरण संभव नहीं है अथवा आवेदन निरस्त किया जाता है, तो उसके स्पष्ट कारण आवेदक को बताए जाएं। इससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनी रहेगी और आमजन का प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत होगा।
जनसुनवाई के दौरान नागरिकों को विभिन्न आवश्यक सेवाएं भी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा प्रदान की गई। इसके साथ ही आधार अपडेट की सुविधा भी उपलब्ध रही। इससे नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी और उन्हें एक ही परिसर में विभिन्न सेवाओं का लाभ मिला।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सौम्या आनंद आईएएस ने भी जनसुनवाई में आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों में की गई कार्रवाई की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनसुनवाई में डिप्टी कलेक्टर स्वर्णा दीवान, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत धनंजय मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
