संबल योजना के लंबित प्रकरणों पर कलेक्टर श्री तिवारी सख्त सीएम हेल्पलाइन, अनुग्रह एवं अंत्येष्टि सहायता के प्रकरणों की समीक्षा, 57 लंबित मामलों की जांच के निर्देश
(कटनी) कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में ग्राम पंचायतों के कार्यों के साथ-साथ संबल योजना के क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की। उन्होंने संबल योजना के अंतर्गत विभिन्न निकायों में लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों, अनुग्रह सहायता तथा अंत्येष्टि सहायता के प्रकरणों की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को लंबित मामलों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, जिला श्रम अधिकारी श्री केबी मिश्रा,सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, परियोजना अधिकारी श्री ज्ञानेंद्र सिंह की मौजूदगी रही। कलेक्टर श्री तिवारी ने अनुग्रह सहायता के लंबित अपीलीय प्रकरणों की समीक्षा करते हुए एसडीएम कटनी को इनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की सहायता प्राप्त करने में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। प्रत्येक प्रकरण का परीक्षण कर नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ढीमरखेड़ा जनपद में लंबे समय से लंबित दो प्रकरणों पर भी कलेक्टर ने विशेष गंभीरता दिखाई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दोनों प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों पर विशेष फोकस बैठक में कलेक्टर ने 100 दिवस से अधिक समय से लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की भी समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित निकायों के अधिकारियों को लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित शिकायतों की संख्या कम करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।अंत्येष्टि सहायता के 57 प्रकरणों की होगी विस्तृत जांच नगर निगम कटनी अंतर्गत अंत्येष्टि सहायता के 57 लंबित प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री तिवारी ने श्रम अधिकारी कटनी को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों की विस्तृत जांच कर वस्तुस्थिति सहित प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने पात्रता, दस्तावेजों एवं प्रकरणों में हुई देरी के कारणों की जांच करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री तिवारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संबल योजना शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसका सीधा लाभ श्रमिक एवं जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचता है। इसलिए योजना से संबंधित प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित रखना गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर शासन की सहायता उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
