कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने किया शासकीय माध्यमिक शाला भेलसी का निरीक्षण बच्चों से संवाद कर शैक्षणिक गतिविधियों एवं अध्ययन व्यवस्था की ली जानकारी

(टीकमगढ़)  मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने आज शासकीय माध्यमिक शाला भेलसी का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, अध्ययन-अध्यापन व्यवस्था एवं विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने विद्यालय के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण करते हुए विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनकी कक्षाओं, पढ़ाई एवं शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली तथा प्रश्न पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर एवं विषयों की समझ को जाना। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों की उपस्थिति, नियमित अध्यापन एवं बच्चों के सीखने के स्तर की जानकारी भी ली।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री श्रोत्रिय के संज्ञान में आया कि विद्यालय के विद्यार्थी एक विशेष गाइड से अध्ययन कर रहे हैं। बच्चों से जानकारी लेने पर उन्होंने बताया कि यह गाइड उन्होंने शिक्षक के कहने पर बाहर से खरीदी है। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को पूरे प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर निरंतर ध्यान दिया जाए तथा प्रत्येक बच्चे को उसकी क्षमता के अनुरूप बेहतर सीखने का अवसर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपनी जिज्ञासाओं को शिक्षकों के समक्ष रखने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि जनविश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं एवं सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ ही जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करना है।निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री विशाल धाकड़, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अमित जैन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें