कलेक्टर-एसपी ने शासकीय सांदीपनि विद्यालय के बच्चों से किया संवाद

(सतना)  मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में बस में बैठकर उचेहरा पहुंचे कलेक्टर-एसपी ने शासकीय सांदीपनि विद्यालय पहुंचकर कक्षा 9वी और 10वीं के छात्र-छात्राओं से संवाद किया और पुस्तक वितरण तथा पठन-पाठन की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से कहा कि भविष्य में क्या बनना है। उसे मन में रखकर 12वीं कक्षा के बाद उस क्षेत्र की विशेष तैयारी करें। कलेक्टर ने बच्चों से कहा कि कान्सेप्ट को समझकर ही पढाई करें और किसी बात की समझ नहीं आने पर उसका समाधान शिक्षकों से अवश्य कराये। उन्होंने कहा कि अच्छी तरह से पढाई करें और जो भी रास्ता चुने उस पर हिम्मत और मेहनत के साथ आगे बढे। कलेक्टर ने विद्यालय के भौतिक शास्त्र, रसायन शास्त्र और जीव विज्ञान की प्रयोगशालाओं में जाकर उपलब्ध उपकरण तथा प्रयोगिक सामग्री का निरीक्षण भी किया। प्राचार्य अरबिन्द यादव ने बताया कि सांदीपनि विद्यालय में कक्षा 1 से 12 तक कुल 1262 बच्चे है। विद्यालय में 8 स्कूल बसें उपलब्ध है। बाद में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उचेहरा का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं एवं रोगियों के उपचार संबंधी जानकारी ली।

निर्माणाधीन सांदीपनि विद्यालय भवन और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत उचेहरा पहुंचे कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने उचेहरा में निर्माणाधीन परियोजनाओं, सांदीपनि विद्यालय भवन, 50 बिस्तरा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन और उचेहरा में 20 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित किये जा रहे औद्योगिक क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, डीएफओ मयंक चांदीवाल, एसडीएम सुभाष मिश्रा और संबंधित निर्माण विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग पीआईयू द्वारा उचेहरा में निर्मित किये जा रहे सांदीपनि विद्यालय के भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल भवन की ड्राइंग डिजाइन प्राप्त होने के बाद भी लगभग 2 महीने से भवन का निर्माण कार्य शुरू नहीं करने पर कार्यपालन यंत्री पीआईयू को नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि कार्यपालन यंत्री तीन दिनों के भीतर नोटिस का जवाब प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने संविदाकार को लेट लतीफी करने पर भी जारी किये गये नोटिस पर कडी कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने एसडीओ पीआईयू को निर्देशित किया कि रामपुर बघेलान, मझगवां और उचेहरा के सांदीपनि भवन का निर्माण पीआईयू द्वारा किया जा रहा है। तीनों स्कूल भवन निर्माण के फोटो नियमित रूप से भेजने और प्रत्येक टीएल में प्रगति की जानकारी देने के निर्देश दिये। उन्होंने पीआईयू के एसडीओ बागरी को चेतावनी दी कि कल तक निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाना चाहिए अन्यथा इस स्थिति में उनके विरूद्ध कार्यवाही के अलावा संविदाकार की निविदा भी टर्मिनेट करने की कार्यवाही की जायेगी।

50 बिस्तरा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के निर्माणाधीन भवन का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत उचेहरा पहुंचे कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने उचेहरा में सांदीपनि स्कूल भवन के पास ही बन रहे 50 बिस्तरा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उचेहरा के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण भी किया। कलेक्टर ने कार्य में गति लाकर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। अस्पताल भवन का निर्माण मध्यप्रदेश भवन विकास निगम द्वारा कराया जा रहा है। निर्माण एजेंसी के अधिकारियों ने बताया कि अब तक 9 करोड 15 लाख रूपये व्यय किये जा चुके है। भवन में और भी सेक्टर जुड जाने से 6 करोड 72 लाख रूपये की रि-वाइज स्वीकृति के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। संविदाकार एनएनटी डेवलपमेंट कंपनी द्वारा यह कार्य किया जा रहा है। इसके पश्चात कलेक्टर ने उचेहरा में 20 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित किये जा रहे नवीन औद्योगिक क्षेत्र के निर्माण कार्यो का भी निरीक्षण किया।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें