मुख्य अभियंता श्री शैलेंद्र शुक्ला ने सांची में जल शोधन संयंत्र का किया निरीक्षण, शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश

(रायसेन)  मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत नगरीय विकास एवं आवास विभाग के उपक्रम मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी की सांची जलावर्धन योजना के मुख्य अभियंता श्री शैलेंद्र शुक्ला द्वारा भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने योजनांतर्गत जल शोधन संयंत्र सहित विभिन्न घटकों का जायजा लेकर जलप्रदाय व्यवस्था एवं शेष निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि जलप्रदाय के अंतर्गत बिना क्लोरीनीकरण के पानी की आपूर्ति की जा रही है।

इस पर मुख्य अभियंता श्री शुक्ला ने आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं एडमिन बिल्डिंग एवं फिल्टर हाउस में लीकेज एवं सीपेज पाए जाने पर उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित एजेंसी को आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्य अभियंता श्री शुक्ला ने योजना के शेष कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश देते हुए वाटर मीटर, स्काडा एवं डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के कार्य तत्काल पूर्ण करने को कहा। उन्होंने नगर परिषद से समन्वय स्थापित कर नए डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क से जलप्रदाय प्रारंभ करने तथा तत्काल ट्रायल रन एवं कमीशनिंग की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का उद्देश्य आमजन को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। अतः जलप्रदाय योजना से जुड़े सभी आवश्यक कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर नागरिकों को सुचारू एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान परियोजना प्रबंधक श्री सुबोध जैन एवं सहायक परियोजना प्रबंधक श्री राहुल समाधिया सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें