सेवा कार्यों के माध्यम से प्रधानमंत्री के जन्मदिन को प्रेरणा के रूप में मनाएं : मंत्री श्री सिंह
सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत गीता भवन में रक्तदान शिविर का शुभारंभ
इस अवसर पर भाजपा महामंत्री श्री पंकज दुबे, श्री रंजीत पटेल,श्री सोनू बचवानी,उपाध्यक्ष श्री अभय सिंह ठाकुर श्री प्रणीत वर्मा तथा सीएमएचओ डॉ नवीन कोठारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने कहा कि आज का दिन अत्यंत महत्वपूर्ण है। भारत देश हमेशा ऐसे लोगों को स्मरण करता है, जिन्होंने समाज के लिए अपना जीवन समर्पित किया और समाज के निर्माण में अपना योगदान दिया। आज देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। उन्होंने अपने जीवन का लगभग पूरा समय समाज और देश की सेवा के लिए समर्पित किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने राजनीतिक जीवन में प्रवेश करने के पश्चात गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री के गरिमामय दायित्व तक की उनकी 25 वर्षों की सेवा यात्रा समाज और देश के लिए प्रेरणादायी है। उनके जीवन में सेवा का सर्वोच्च स्थान रहा है।
श्री सिंह ने कहा कि ऐसे यशस्वी प्रधानमंत्री के जन्मदिन को मनाने का इससे अच्छा अवसर दूसरा नहीं हो सकता कि हम सेवा कार्यों के माध्यम से समाज और देश में अपना योगदान दें तथा उनके जन्मदिन को प्रेरणा के रूप में मनाएं। इसी भावना के साथ ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से सेवा कार्यों की शुरुआत की है।
उन्होंने कहा कि पूरे देश में समाज के विभिन्न वर्गों के सहयोग से प्रधानमंत्री श्री मोदी का जन्मदिन सेवा गतिविधियों के माध्यम से मनाया जा रहा है। आज रक्तदान जैसे पवित्र कार्य से अभियान की शुरुआत हो रही है। इसके बाद आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से यह संदेश दिया जाएगा कि हम अपने जीवन में समाज और देश के लिए किस प्रकार योगदान दे सकते हैं तथा अपनी दैनिक दिनचर्या में गरीबों की सेवा और समाज सेवा के कार्यों को किस तरह स्थान दे सकते हैं।
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि पूरे समाज के व्यापक सहयोग से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन ऐसे अवसर के रूप में मनाया जाएगा, जो आने वाले समय में सेवा कार्यों के लिए जाना जाए और जिससे लोग प्रेरणा प्राप्त करें। उन्होंने रक्तदान शिविर में रक्तदान करने वाले सभी लोगों तथा सेवा कार्यों में सहयोग प्रदान करने वाले लोगों की ओर से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
रक्तदान शिविर में जिले के नोडल अधिकारी एवं अपर मुख्य सचिव श्री मनोज श्रीवास्तव, भाजपा महामंत्री श्री रंजीत पटेल सहित बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
शिविर में जिला प्रशासन, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी तथा विक्टोरिया अस्पताल, मेडिकल कॉलेज एवं एल्गिन अस्पताल की चिकित्सा टीमें मौजूद रहीं। उन्होंने रक्तदान शिविर में आवश्यक व्यवस्थाओं एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं में सहयोग प्रदान किया।
